शिमला में गणेश चतुर्थी पर निकली भव्य शोभायात्रा, जयकारों से गूंजा लोअर बाजार

📍 स्थान / Location: शिमला 🗂️ विषय / Category: हिमाचल / Himachal 📹 Ganesh Chaturthi 📅 September 14, 2026 🌐 GPS: शिमला

शिमला। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर राजधानी शिमला में सोमवार को भगवान गणेश के जयकारों और भजनों से माहौल भक्तिमय हो गया। सिद्धि विनायक सेवा मंडल शिमला की ओर से लोअर बाजार में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और भगवान गणेश के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु गणपति बप्पा मोरया और भगवान गणेश के जयकारे लगाते हुए नजर आए। ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन के बीच निकली शोभायात्रा ने राजधानी के बाजारों का माहौल पूरी तरह भक्तिमय कर दिया। जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की।

गणेश उत्सव के लिए शिमला के मिडल बाजार में भव्य पांडाल सजाया गया है। यहां भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ उत्सव की शुरुआत की गई। आयोजन के दौरान हर दिन अलग-अलग भजन मंडलियों की ओर से भगवान गणेश की महिमा का गुणगान किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक कार्यक्रमों के साथ भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया जाएगा।

गणेश उत्सव का समापन 25 सितंबर को भगवान गणेश की प्रतिमा के विसर्जन के साथ होगा। इसके लिए भी विशेष तैयारियां की जा रही हैं। आयोजकों का कहना है कि उत्सव के दौरान अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को धार्मिक कार्यक्रमों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

खास बात यह रही कि गणेश चतुर्थी की शोभायात्रा में कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों के नेताओं ने भी शिरकत की। राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं ने श्रद्धालुओं के साथ भगवान गणेश के दर्शन किए और गणेश उत्सव की शुभकामनाएं दीं। राजधानी में गणेश चतुर्थी के आयोजन से लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरा शिमला गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजता रहा।

Scroll to Top