कपूरथला चौक से भीख मांगती बच्ची रेस्क्यू, बाल कल्याण समिति ने चिल्ड्रन होम भेजा

📍 स्थान / Location: जालंधर सिविल हॉस्पिटल 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Child Begging 📅 September 8, 2026 🌐 GPS: जालंधर

जालंधर: भीख मांगने वाले बच्चों को रेस्क्यू करने के लिए चलाए जा रहे प्रोजेक्ट जीवनज्योत-2 ‘सेव द चाइल्डहुड’ के तहत बाल भिक्षा रोकू टास्क फोर्स की टीम ने मंगलवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान टीम ने कपूरथला चौक से भीख मांगती एक बच्ची को रेस्क्यू किया।

टीम में लीगल-कम-प्रोबेशन अधिकारी संदीप कुमार, सोशल वर्कर रेनू बाला, आउटरीच वर्कर गौरव और चाइल्डलाइन सुपरवाइजर बब्बलजीत शामिल रहे। लीगल-कम-प्रोबेशन अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई जिला प्रोग्राम अधिकारी गुलबहार सिंह और जिला बाल सुरक्षा अधिकारी अजय भारती के निर्देशों पर की गई।

उन्होंने बताया कि रेस्क्यू की गई बच्ची का डीडीआर दर्ज करवाने के बाद उसे बाल कल्याण समिति, जालंधर के समक्ष पेश किया गया। समिति के आदेश के बाद बच्ची को चिल्ड्रन होम फॉर गर्ल्स भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि बच्ची की पढ़ाई और उचित पुनर्वास के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।

संदीप कुमार ने बताया कि टीम द्वारा लोगों को बच्चों के अधिकारों, शिक्षा के महत्व, बाल मजदूरी, बाल भिक्षा, छेड़छाड़ और यौन शोषण जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी बच्चे को भीख मांगते या किसी मुसीबत में फंसा देखें तो तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 या जिला बाल सुरक्षा अधिकारी को इसकी सूचना दें।

Scroll to Top