घटासनी–भुभू जोत–कुल्लू मार्ग – बनेगा NH, जोगिंद्रनगर से कुल्लू की दूरी 50 किमी होगी कम, अखिलेश कपूर ने केंद्र का जताया आभार

📍 स्थान / Location: Kullu 🗂️ विषय / Category: हिमाचल / Himachal 📹 Bhubhu Jot Tunnel 📅 September 4, 2026 🌐 GPS: Kullu

कुल्लू: सामरिक और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण घटासनी–शिल्हबुद्धानी–भुभू जोत–कुल्लू मार्ग को केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) के रूप में सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इस बहुप्रतीक्षित परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के लिए अंतरराष्ट्रीय बोलियां आमंत्रित कर दी हैं, जिसे 12 महीने में पूरा करने का लक्ष्य है।

इस ऐतिहासिक कदम के लिए भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश कपूर ने समस्त क्षेत्रवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है।

अखिलेश कपूर ने कहा कि इस मार्ग और भुभू जोत सुरंग के निर्माण से जोगिंद्रनगर से कुल्लू के बीच की दूरी करीब 50 किलोमीटर कम हो जाएगी। यह सड़क लेह-लद्दाख सीमा की ओर जाने वाली सेना के लिए सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग बनेगी, वहीं कुल्लू और मंडी के पर्यटन, बागवानी और व्यापार को भी नई गति देगी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना का प्रस्ताव वर्ष 2018 में प्रदेश की तत्कालीन भाजपा सरकार द्वारा केंद्र को भेजा गया था, जिसे अब मोदी सरकार ने धरातल पर उतारने का रास्ता साफ कर दिया है।

उन्होंने बताया की एनएचएआई द्वारा डीपीआर का कार्य दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में तकनीकी और आर्थिक फिजिबिलिटी स्टडी होगी, जबकि दूसरे चरण में विस्तृत इंजीनियरिंग डिजाइन, भूमि अधिग्रहण और पर्यावरण-वन स्वीकृतियों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पहाड़ी संरचना को देखते हुए इसमें लिडार सर्वे अनिवार्य किया गया है। पूरी सड़क पक्की पटरी सहित डबल-लेन बनेगी, जिसमें अत्याधुनिक ड्रेनेज और भूस्खलन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे।

परियोजना

प्रस्तावित लंबाई: लगभग 67.50 किलोमीटर

पुल व सुरंगें: 4 बड़े पुल और 6.125 किमी की 4 सुरंगें प्रस्तावित

अनुमानित लागत: कुल ₹1831.94 करोड़ (सुरंगों की लागत ₹1096.50 करोड़)

भूमि अधिग्रहण: करीब 162.76 हेक्टेयर

सबसे बड़ा लाभ: सफर में समय की भारी बचत, 50 किमी कम होगी दूरी और बारहमासी सुरक्षित संपर्क

Scroll to Top