मोबाइल टावरों की मरम्मत करते-करते बने ‘टेक्निकल चोर’, लाखों के BTS कार्ड चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार
मोबाइल टावरों की मरम्मत करते-करते बने ‘टेक्निकल चोर’, लाखों के BTS कार्ड चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार
पंजाब डेस्क: संगरूर में मोबाइल कंपनियों के टावरों से महंगे BTS कार्ड चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल टावरों से महंगे उपकरण चोरी होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जांच के दौरान संगरूर CIA स्टाफ ने सुनाम इलाके में एक स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें से 10 BTS कार्ड बरामद हुए।
पूछताछ के बाद उत्तर प्रदेश से जुड़े दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 6 और BTS कार्ड बरामद किए गए।
टावरों की तकनीकी जानकारी का उठाया फायदा
पुलिस के अनुसार, गिरोह के कुछ सदस्य पहले मोबाइल टावरों की रिपेयर और मेंटेनेंस का काम कर चुके थे। इसी वजह से उन्हें टावरों में लगे महंगे उपकरणों और उनकी लोकेशन की पूरी जानकारी थी। आरोप है कि इसी जानकारी का फायदा उठाकर वे अलग-अलग मोबाइल टावरों को निशाना बनाते थे।
खुद को मेंटेनेंस कर्मचारी बताकर करते थे चोरी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मोबाइल टावरों पर चढ़कर खुद को मेंटेनेंस कर्मचारी बताते थे और महंगे BTS कार्ड निकाल लेते थे। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों को भी उन पर शक नहीं होता था। बाद में नेटवर्क प्रभावित होने के बाद मोबाइल कंपनियों को उपकरण चोरी होने का पता चलता था।
दिल्ली की मार्केट में बेचते थे BTS कार्ड
पुलिस का कहना है कि बरामद BTS कार्ड दिल्ली की मार्केट में बेचे जाते थे। इन उपकरणों को आगे विदेशों तक भेजे जाने की संभावना को लेकर भी जांच की जा रही है। आरोपियों के पास से प्लास, पेचकस और कटर समेत अन्य औजार भी बरामद किए गए हैं।
6 आरोपी गिरफ्तार, बड़े नेटवर्क की जांच जारी
फिलहाल पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस गिरोह ने संगरूर के अलावा पंजाब और दूसरे राज्यों में कितने मोबाइल टावरों को निशाना बनाया है और इसके पीछे कितना बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था।