कुल्लू में फ्यूचर यूथ लीडर्स बूटकैंप शुरू, युवाओं को नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश

📍 स्थान / Location: Kullu 🗂️ विषय / Category: हिमाचल / Himachal 📹 Future Youth Leaders 📅 August 25, 2026 🌐 GPS: कुल्लू

कुल्लू: युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत, कुल्लू की ओर से तीन दिवसीय फ्यूचर यूथ लीडर्स बूटकैंप का आयोजन किया जा रहा है। 24 से 26 अगस्त तक चलने वाले इस शिविर का शुभारंभ कृषि विज्ञान केंद्र, बजौरा में पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक एस. ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती माता की प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित करने और दीप प्रज्ज्वलित करने के साथ हुई। इस दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के निदेशक एस.एन. ठाकुर, जिला युवा अधिकारी प्रतिभा शर्मा, ब्रह्माकुमारी किरण, ब्रह्माकुमारी निर्मला सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। जिला युवा अधिकारी ने प्रतिभागियों को बूटकैंप के उद्देश्य और आगामी गतिविधियों की जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक एस. ने युवाओं को संबोधित करते हुए संवैधानिक मूल्यों, नशामुक्ति, मानसिक स्वास्थ्य और नेतृत्व विकास पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए युवाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना जरूरी है। युवाओं को संविधान के मूल्यों को समझकर समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देना चाहिए।

शिविर के पहले दिन नेतृत्व कौशल, प्रभावी संचार, डिजिटल जागरूकता, वित्तीय साक्षरता और शासन व्यवस्था जैसे विषयों पर विभिन्न सत्र आयोजित किए गए। विशेषज्ञों ने युवाओं को बेहतर संवाद, निर्णय लेने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के व्यावहारिक तरीके बताए।

युवा संसद के माध्यम से प्रतिभागियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था और शासन प्रक्रिया को करीब से समझने का अवसर भी मिला। विभिन्न गतिविधियों में युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। बूटकैंप का उद्देश्य युवाओं को जिम्मेदार, आत्मनिर्भर और जागरूक नागरिक बनाते हुए उनमें राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना है।

Scroll to Top