युवाओं का खुला संवाद, अवसाद, नशे और रोजगार जैसे मुद्दों पर बेबाक चर्चा
मंडी: जवाहरलाल नेहरू राजकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय (JNGEC), सुंदरनगर में युवाओं के साथ विशेष खुला संवाद आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अवसाद, चिंता, बढ़ती आत्महत्या की घटनाओं, नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, पर्यावरण, स्वास्थ्य, रोजगार और भविष्य को लेकर अपने सवाल एवं विचार खुलकर साझा किए।
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने जानने का प्रयास किया कि आज का युवा मानसिक तनाव, चिंता और नशे जैसी समस्याओं की ओर क्यों बढ़ रहा है तथा इन चुनौतियों से किस प्रकार प्रभावी ढंग से निपटा जा सकता है। एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने विद्यार्थियों के सवालों का सरल एवं सहज भाव से उत्तर देते हुए अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने युवाओं को समस्याओं से भागने के बजाय संवाद स्थापित करने, समस्याओं को समझने और उनके समाधान की दिशा में सकारात्मक प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में डॉ. धर्मेश शर्मा ने स्वच्छ हवा एवं राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के तहत चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने धूम्रपान तथा पहले से प्रदूषित औद्योगिक क्षेत्र में रहने के संयुक्त प्रभाव पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है।
संवाद में विद्यार्थियों ने कई समाधानपरक सुझाव भी दिए। JNGEC प्रशासन ने एसडीएम अमर नेगी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को अपनी चिंताओं और विचारों को खुलकर रखने के लिए ऐसे संवाद मंच उपलब्ध करवाना महत्वपूर्ण है।