‘स्वच्छ अभियान पंजाब’ के तहत धर्मकोट में भट्टी बस्ती व दीप सिंह नगर में फॉगिंग
पंजाब सरकार की ओर से प्रदेश को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘स्वच्छ अभियान पंजाब’ के तहत जिले में
मोगा। पंजाब सरकार की ओर से प्रदेश को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘स्वच्छ अभियान पंजाब’ के तहत जिले में सफाई और स्वास्थ्य सुरक्षा संबंधी गतिविधियां लगातार जारी हैं। इसी अभियान के तहत धर्मकोट शहर की भट्टी बस्ती और दीप सिंह नगर में मच्छरों की रोकथाम के लिए फॉगिंग करवाई गई।
डिप्टी कमिश्नर मोगा सागर सेतिया ने बताया कि स्वच्छ पंजाब अभियान के तहत जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ मच्छरों की पैदावार रोकने के लिए भी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि साफ-सुथरा वातावरण न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाता है, बल्कि लोगों को विभिन्न बीमारियों से बचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मच्छरों की पैदावार वाले संभावित स्थानों की नियमित जांच की जाए तथा आवश्यकता के अनुसार फॉगिंग और अन्य रोकथाम संबंधी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही लोगों को अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने देने के लिए जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
डिप्टी कमिश्नर ने जिले के लोगों से अपील की कि वे अपने घरों, दुकानों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखें तथा कहीं भी पानी जमा न होने दें। उन्होंने कहा कि मच्छरों की पैदावार रोकने के लिए प्रशासन के प्रयासों के साथ आम लोगों का सहयोग भी बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन मोगा की ओर से लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। स्वच्छ अभियान पंजाब के तहत सफाई, फॉगिंग और जागरूकता जैसी गतिविधियां आगे भी लगातार जारी रहेंगी।