लुधियाना में पिज्जा सेंटर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, इस गैंग ने ली हमले की जिम्मेदारी

📍 स्थान / Location: लुधियाना 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Firing at pizza center 📅 August 20, 2026 🌐 GPS: लुधियाना

लुधियाना: बीती रात शहर के पॉश इलाके भाई रणधीर सिंह नगर स्थित एक पिज्जा सेंटर में दो नकाबपोश युवकों ने गोलीबारी कर दी। घटना के कुछ घंटों बाद गोपी लाहोरिया गिरोह के नाम से एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए पोस्ट डाली गई। पोस्ट में आउटलेट संचालक को अगली बार फोन का जवाब नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई है।

सराभा नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पूरी घटना पिज्जा आउटलेट के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फुटेज में दो नकाबपोश युवक दुकान में दाखिल होने के महज तीन सेकंड बाद फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। उनका एक अन्य साथी बाहर दोपहिया वाहन पर इंतजार कर रहा था। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस साइबर विशेषज्ञों की मदद से संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट की लोकेशन और तकनीकी जानकारी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमकी वास्तव में किसी आपराधिक गिरोह की ओर से दी गई थी या फिर कुछ शरारती तत्वों ने गिरोह के नाम का इस्तेमाल कर दहशत फैलाने की कोशिश की।

पुलिस ने इलाके में लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि संदिग्ध हमलावरों के संबंध में कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही वारदात में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Scroll to Top