गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र करने और उचित निपटारे पर जोर
अमृतसर: जिले के सभी गांवों को स्वच्छ, साफ-सुथरा और कचरा मुक्त बनाने के उद्देश्य से अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास), अमृतसर सुरिंदर सिंह की अध्यक्षता में ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारियों, पंचायती राज विभाग के अधिकारियों तथा संबंधित कर्मचारियों के साथ विस्तृत बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी गांवों में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट प्रभावी ढंग से लागू किए जाएं। उन्होंने घरों से निकलने वाले गीले एवं सूखे कचरे को स्रोत स्तर पर ही अलग-अलग एकत्र करने संबंधी लोगों को जागरूक करने तथा कचरे के उचित एवं वैज्ञानिक निपटारे के लिए गांव स्तर पर प्रभावी प्रबंध सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित किया जाए। घर-घर से कचरा एकत्र करने के लिए गांव स्तर पर कचरा संग्रहण करने वाली रेहड़ियों/वाहनों तथा सफाई कर्मचारियों का उचित प्रबंध किया जाए। इसके साथ ही कचरे के रख-रखाव, छंटाई एवं प्रोसेसिंग के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा भी तैयार किया जाए।
अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट के तहत चारदीवारी, सेग्रीगेशन शेड तथा अन्य आवश्यक निर्माण कार्य निर्धारित समय के भीतर पूरे करवाए जाएं। उन्होंने कहा कि गांवों में खुले में कचरा फेंकने की प्रथा को समाप्त करने के लिए नियमित निगरानी की जाए तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति लगातार जागरूक किया जाए।
बैठक के दौरान प्लास्टिक एवं अन्य गैर-बायोडिग्रेडेबल कचरे के उचित निपटारे तथा गांवों में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करने संबंधी भी विचार-विमर्श किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त ने ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारियों, पंचायती राज विभाग के जे.ई. तथा ए.एस.डी.ओ. को निर्देश दिए कि गांवों में चल रहे कचरा प्रबंधन संबंधी कार्यों की नियमित निगरानी की जाए तथा प्रगति रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत की जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गांवों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण की दृष्टि से बेहतर बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों तथा स्थानीय स्तर के अधिकारियों के बीच प्रभावी समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट को प्रभावी ढंग से लागू करके गांवों में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
बैठक में किरणदीप कौर, ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारी हरशा छीना, मलकीत सिंह, ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारी अजनाला एवं रमदास, सरबजीत सिंह, ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारी रईया, शमशेर सिंह, ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारी चोगावां, मनदीप शर्मा, ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारी अटारी, बिक्रमजीत सिंह, ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारी वेरका, मनदीप सिंह, ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारी मजीठा, प्रगट सिंह, ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारी जंडियाला गुरु, पंचायती राज विभाग के उप मंडल अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंता, जल सप्लाई एवं सेनिटेशन विभाग के स्टाफ के अलावा विभिन्न गांवों के पंचायत सचिव उपस्थित थे।