हिमाचल में सुबह-सुबह भूकंप के झटके, शिमला समेत कई जिलों में महसूस हुई कंपन

📍 स्थान / Location: शिमला 🗂️ विषय / Category: हिमाचल / Himachal 📹 Himachal Earthquake 📅 August 26, 2026 🌐 GPS: शिमला

शिमला: हिमाचल प्रदेश में बुधवार सुबह तड़के भूकंप के झटकों से लोग सहम गए। सुबह 5 बजकर 46 मिनट पर महसूस किए गए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.0 दर्ज की गई। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार भूकंप का केंद्र शिमला से करीब 66 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण दिशा में जमीन से 10 किलोमीटर नीचे था।

भूकंप के झटके करीब तीन सेकेंड तक महसूस किए गए। अचानक धरती हिलने से कई लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए और खुले स्थानों पर पहुंच गए। कंपन थमने के कुछ देर बाद लोग वापस अपने घरों में लौटे। शिमला के अलावा सोलन, सिरमौर, बिलासपुर और मंडी के कई इलाकों में भी भूकंप के झटके महसूस किए जाने की सूचना है। फिलहाल भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

भूकंप का केंद्र शिमला के पूर्व-दक्षिण में होने के कारण जुब्बल-कोटखाई क्षेत्र की दिशा में बताया जा रहा है। हिमाचल पहले से ही भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील राज्यों में शामिल है। प्रदेश के कई हिस्से भूकंप के उच्च जोखिम वाले जोन-4 और जोन-5 में आते हैं।

विशेषज्ञों के मुताबिक, 5.0 से कम तीव्रता के भूकंपों से आमतौर पर बड़े स्तर पर नुकसान की संभावना कम रहती है, हालांकि स्थानीय परिस्थितियों और भूकंप की गहराई के आधार पर असर अलग-अलग हो सकता है। भूकंप की तीव्रता बढ़ने के साथ नुकसान का खतरा भी बढ़ता जाता है।

सन 1920 में हिमाचल कांगड़ा में आए भयानक भूकंप में हजारों लोगों की जान चली गई थी उसके बाद जब प्रदेश की भू संरचना और स्थिति का अध्ययन किया गया तो उसके बाद इसे भूकंप के लिहाज से अति संवेदनशील क्षेत्रों में शामिल किया गया।राजधानी शिमला की बात करें तो यहां हुए बेतरतीब निर्माण के चलते भूकंप का खतरा हमेशा बना रहता है और यदि थोड़ा ज्यादा रिक्टर स्केल का भूकंप आया तो यहां भरी तबाही मच सकती है ।

Scroll to Top