ढांगसीधार में जिला न्यायपालिका ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

📍 स्थान / Location: Mandi 🗂️ विषय / Category: हिमाचल / Himachal 📹 Dhangsidhar 📅 August 21, 2026 🌐 GPS: मंडी

मंडी: पर्यावरण संरक्षण और हरित हिमाचल के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए ढांगसीधार में जिला न्यायपालिका मंडी की ओर से वन विभाग के सहयोग से पौधारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान न्यायिक अधिकारियों और वन विभाग के कर्मचारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

अभियान की शुरुआत जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडी, पारस डोगर ने पौधा लगाकर की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके संरक्षण और नियमित देखभाल पर भी ध्यान देना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि बढ़ता हरित क्षेत्र जैव विविधता को बनाए रखने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने आम लोगों से भी पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

न्यायिक अधिकारियों और वन विभाग ने लिया हिस्सा

पौधारोपण कार्यक्रम में मंडी वन मंडल के डीएफओ और एसीएफ सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जिला न्यायपालिका मंडी के न्यायाधीशों ने भी अभियान में भाग लेते हुए पौधे लगाए। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया। साथ ही लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। जिला न्यायपालिका और वन विभाग की ओर से कहा गया कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि समाज में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता को और मजबूत किया जा सके।

Scroll to Top