मोगा के प्रताप रोड पर पेयजल में मिल रहा था सीवरेज का गंदा पानी, निगम ने जेसीबी से खोदाई कर तलाशा लीकेज

📍 स्थान / Location: मोगा 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Drinking Water 📅 September 15, 2026

मोगा: शहर के मेन बाजार स्थित प्रताप रोड पर पिछले कई दिनों से पेयजल में सीवरेज का दूषित पानी मिलने की समस्या से दुकानदारों और आसपास के मोहल्ला निवासियों में हड़कंप मचा हुआ था। नलों में गंदा पानी आने से लोगों को पेयजल की गुणवत्ता को लेकर चिंता सताने लगी थी। लोगों की शिकायत के बाद मंगलवार को नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और समस्या के समाधान के लिए कार्रवाई शुरू की।

नगर निगम कर्मचारियों ने जेसीबी मशीन की सहायता से प्रताप रोड पर गहरा खड्डा खोदकर पेयजल पाइपलाइन की जांच शुरू की। टीम यह पता लगाने में जुटी थी कि किस स्थान पर पेयजल लाइन में लीकेज अथवा किसी अन्य तकनीकी खराबी के कारण सीवरेज का दूषित पानी पेयजल में मिल रहा है। पाइपलाइन के आसपास की जमीन को भी खोदकर जांच की गई, ताकि लीकेज के वास्तविक स्थान का पता लगाया जा सके।

स्थानीय दुकानदारों और निवासियों ने बताया कि पिछले कई दिनों से नलों में आने वाले पानी का रंग और गुणवत्ता सामान्य नहीं थी। पेयजल में गंदा पानी आने के कारण लोगों को रोजमर्रा के कामों में भी परेशानी हो रही थी। लोगों का कहना था कि दूषित पानी पीने से स्वास्थ्य संबंधी समस्या पैदा होने का भी खतरा बना हुआ है। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान करवाने की मांग की थी।

मंगलवार को निगम की टीम के मौके पर पहुंचने और खुदाई शुरू करने के बाद लोगों ने राहत की उम्मीद जताई। टीम ने पाइपलाइन के आसपास कई स्थानों की जांच की। इस दौरान कर्मचारियों को पाइपलाइन में खराबी का पता चल गया। अब निगम की ओर से खराब हिस्से की मरम्मत कर पेयजल में सीवरेज का पानी मिलने की समस्या को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।

नगर निगम के सुपरवाइजर जसवीर सिंह ने बताया कि पेयजल लाइन में खराबी का स्थान तलाश लिया गया है। जल्द ही इसकी मरम्मत करवाकर समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। निगम की टीम का प्रयास है कि क्षेत्र के लोगों को साफ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाया जा सके। इस मौके पर सुपरवाइजर जसवीर सिंह के अलावा नरोत्तम बोहत, जसमेल सिंह, जसविंदर सिंह, दीपक कुमार, जगतार सिंह, गुरप्रीत सिंह, विजय कुमार और लखविंदर सिंह आदि मौजूद थे।

Scroll to Top