जहां पढ़े, वहीं रक्षा का वादा करने पहुंचे दिनेश बस्सी, स्कूल की शिक्षिकाओं से लिया जीत का आशीर्वाद
जहां पढ़े, वहीं रक्षा का वादा करने पहुंचे दिनेश बस्सी, स्कूल की शिक्षिकाओं से लिया जीत का आशीर्वाद
अमृतसर: जिस स्कूल से शिक्षा के सफर की शुरुआत हुई हो, वहीं जब राखी का पवित्र धागा बंधता है तो इंसान खुद को उस रिश्ते से भावनात्मक रूप से जुड़ा महसूस करता है। ऐसा ही प्यार और स्नेह से भरा दृश्य जगत ज्योति स्कूल में देखने को मिला, जहां इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिनेश बस्सी ने उन शिक्षिकाओं से राखी बंधवाई, जिनसे उन्होंने कभी स्वयं शिक्षा प्राप्त की थी।
शिक्षिकाओं को मां और बहन के समान बताया
इस भावुक मौके पर दिनेश बस्सी ने कहा कि वह खुद को बेहद भाग्यशाली मानते हैं कि जिन शिक्षकों ने उन्हें पढ़ाया और जीवन में सही दिशा दिखाई, आज उन्हीं का आशीर्वाद लेने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि स्कूल की सभी शिक्षिकाएं उनके लिए मां और बहन के समान हैं। उनके जीवन में माता-पिता के साथ-साथ शिक्षकों का भी बहुत बड़ा योगदान रहा है।
1992 में पास की थी दसवीं कक्षा
अपने स्कूल के दिनों को याद करते हुए बस्सी ने बताया कि उन्होंने वर्ष 1992 में दसवीं कक्षा पास की थी। उस समय वह काफी शरारती और नटखट हुआ करते थे। उन्होंने अपनी शिक्षिका अजिंदर मैडम का जिक्र करते हुए कहा कि स्कूल में उन्हें कई बार डांट और सख्त अनुशासन का सामना करना पड़ता था। लेकिन आज पीछे मुड़कर देखने पर महसूस होता है कि शिक्षकों की वह डांट भी उनके व्यक्तित्व और जीवन को सही दिशा देने का हिस्सा थी।
शिक्षक की भविष्यवाणी आज भी याद
दिनेश बस्सी ने बताया कि स्कूल के एक शिक्षक ने उस समय उनसे कहा था कि जिस तरह वह अपने साथ कई दोस्तों को लेकर चलते हैं और सभी को साथ रखते हैं, उससे लगता है कि वह आगे चलकर नेता बनेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षक द्वारा उस समय कही गई यह बात आज भी उन्हें याद है।
देश-विदेश में नाम कमा रहे स्कूल के विद्यार्थी
बस्सी ने कहा कि जगत ज्योति स्कूल से पढ़े उनके कई सहपाठी आज देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि वह इस स्कूल के विद्यार्थी रहे हैं। स्कूल ने न केवल अमृतसर, बल्कि पंजाब, देश और विदेशों में भी अपनी पहचान बनाई है।
राखी पर मिला आशीर्वाद बड़ी ताकत
राखी के मौके पर शिक्षिकाओं से मिले आशीर्वाद को अपने लिए बड़ी ताकत बताते हुए बस्सी ने कहा कि आज इन बहनों का आशीर्वाद मिलने से वह खुद को और मजबूत महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिनसे उन्होंने पढ़ना-लिखना सीखा, उनके आशीर्वाद से ही वह आज एक अच्छे कारोबारी, अच्छे पिता, अच्छे बेटे और लोगों की सेवा करने वाले नेता के रूप में आगे बढ़ रहे हैं।
महिला सशक्तिकरण के लिए प्रयास का संकल्प
महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए दिनेश बस्सी ने कहा कि महिलाओं का सम्मान करना और उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर देना समाज की तरक्की के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि परमात्मा ने उन्हें आगे बढ़ने की ताकत दी तो वह महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए हमेशा प्रयासरत रहेंगे।
विधानसभा पहुंचने पर भी रिश्ता निभाने का वादा
उन्होंने शिक्षिकाओं से अपील की कि वे अपना साथ और आशीर्वाद इसी तरह बनाए रखें। बस्सी ने कहा कि जब भी परमात्मा उन्हें विधानसभा तक पहुंचने का अवसर देंगे, वह आज की तरह ही इन शिक्षिकाओं के भाई बनकर उनके साथ खड़े रहेंगे और हमेशा उनकी सेवा के लिए तैयार रहेंगे।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर वंश बस्सी, पार्षद पति राजीव छाबड़ा, समाजसेवक अमर सिंह, हलका उत्तरी यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष युवराज मजीठिया, स्कूल डायरेक्टर सुमित पुरी, प्रिंसिपल रितु पुरी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।