हलवारा एयरपोर्ट से हवाई यात्रा बनी परेशानी, दिल्ली-हलवारा-दिल्ली उड़ान रद्द होने से 102 यात्री फंसे
लुधियाना। अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा हलवारा से शुरू हुई हवाई यात्रा सुविधा अब यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। शनिवार को दिल्ली-हलवारा-दिल्ली उड़ान रद्द होने से 102 यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इससे पहले 7 और 9 सितंबर को भी इसी रूट की उड़ानें रद्द हो चुकी हैं।
जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया की दिल्ली से हलवारा आने वाली उड़ान AI-481 हलवारा नहीं पहुंची। यही विमान हलवारा से यात्रियों को लेकर दिल्ली वापस जाने वाला था। उड़ान रद्द होने के कारण यात्रियों को भारी सामान के साथ सुबह ही एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वापस लौटना पड़ा।
सबसे अधिक प्रभावित 65 यात्री हुए, जिन्होंने दिल्ली से आगे विदेश जाने वाली उड़ानों के लिए टिकट बुक कर रखे थे। इनमें छोटे बच्चों के साथ यात्रा कर रहे कई परिवार भी शामिल थे। यात्रियों का आरोप है कि उन्हें उड़ान रद्द होने की जानकारी समय पर नहीं दी गई। वहीं, एयर इंडिया की ओर से दावा किया गया कि यात्रियों को दोपहर करीब 3:30 बजे ई-मेल के माध्यम से उड़ान रद्द होने की सूचना दी गई।
कुछ यात्रियों ने दोपहर की वैकल्पिक उड़ान में सीट पाने की कोशिश की, लेकिन अधिकांश यात्रियों को सड़क मार्ग से दिल्ली जाने के लिए टैक्सी का सहारा लेना पड़ा। यात्रियों के अनुसार, हलवारा और आसपास के क्षेत्रों से दिल्ली जाने वाले टैक्सी चालकों ने इसके लिए 10,000 से 12,000 रुपये तक की मांग की, जबकि सामान्य तौर पर एक तरफ का किराया करीब 5,000 रुपये के आसपास रहता है।
यात्रियों का कहना है कि हलवारा-दिल्ली और दिल्ली-हलवारा रूट पर एक ही विमान के इस्तेमाल के कारण उड़ान रद्द होने की स्थिति में दोनों तरफ के यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है। लगातार उड़ानें रद्द होने से यात्रियों में एयर कनेक्टिविटी को लेकर नाराजगी बढ़ रही है।