लुधियाना में प्रदर्शन की कॉल पर बोले DC हिमांशु जैन, संगठनों के नेताओं के साथ होगी बैठक

📍 स्थान / Location: Ludhiana 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Dr BR Ambedkar 📅 September 10, 2026 🌐 GPS: Ludhiana

लुधियाना में प्रदर्शन की कॉल पर बोले DC हिमांशु जैन, संगठनों के नेताओं के साथ होगी बैठक

लुधियाना: लुधियाना में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की बेअदबी के मामले को लेकर कुछ संगठनों द्वारा आज बंद और प्रदर्शन का आह्वान किया गया। हालांकि शहर के बाजार खुले रहे, लेकिन संगठनों के कार्यकर्ताओं ने लुधियाना-जालंधर बाईपास पर सड़क जाम कर यातायात रोक दिया। इसके चलते आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थिति की जानकारी मिलने पर प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाया। बाद दोपहर जाम खुलवा दिया गया और यातायात को सामान्य करने के प्रयास शुरू किए गए।

सुबह 11 बजे संगठनों के साथ बैठक

लुधियाना के डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने कहा कि प्रशासन की आज संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई है। उनकी ओर से रखी गई मांगों पर आवश्यक कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की गई थी, जिस पर एसडीएम को तत्काल निर्देश देकर कैमरे लगवा दिए गए हैं।

डीसी ने कहा कि पुलिस कमिश्नर लुधियाना और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में संगठनों के नेताओं के साथ बुधवार सुबह 11 बजे दोबारा बैठक की जाएगी।

बेअदबी की घटना की कड़ी निंदा

डिप्टी कमिश्नर ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि इस घटना से लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है और प्रशासन इसे लेकर गंभीर रूप से चिंतित है। उन्होंने कहा कि जिस किसी ने भी इस घटना को अंजाम दिया है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मामले की जांच के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से टीमें गठित कर दी गई हैं, जो घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं।

प्रदर्शन के दौरान लगा लंबा ट्रैफिक जाम

इससे पहले संगठनों द्वारा लुधियाना-जालंधर बाईपास पर जाम लगाया गया था। जाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई लोग काफी देर तक फंसे रहे। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद प्रदर्शन समाप्त कर जाम खुलवाया गया।

Scroll to Top