रईया में विशेष स्वच्छता अभियान के तहत चला सफाई अभियान, विधायक दलबीर सिंह टोंग ने किया नेतृत्व
रईया: पंजाब सरकार द्वारा राज्य को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान के तहत आज नगर पंचायत रईया के वार्ड नंबर 8 और 9 में कूड़ा उठाने की विशेष मुहिम का नेतृत्व विधानसभा हलका बाबा बकाला साहिब के विधायक दलबीर सिंह टोंग ने किया।
इस अवसर पर विधायक दलबीर सिंह टोंग ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान को लोगों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ वातावरण बेहद जरूरी है और हमें अपने घरों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे कूड़ा केवल निर्धारित स्थानों पर ही डालें और स्वच्छता अभियान में सक्रिय रूप से सहयोग करें।
नगर पंचायत रईया के अध्यक्ष संजीव भंडारी ने कहा कि नगर पंचायत द्वारा ‘क्लीन सिटी, ग्रीन सिटी’ के संकल्प के तहत रईया को स्वच्छ एवं आदर्श शहर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में रईया के विभिन्न स्थानों पर बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान भी चलाया जाएगा, जिससे शहर को और अधिक हरा-भरा बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता बनाए रखना और पर्यावरण की रक्षा करना केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे नगर पंचायत द्वारा किए जा रहे प्रयासों में सहयोग करें और रईया को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाने में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर पार्षद डॉ. राजिंदर रिखी, सूबेदार सरबजीत सिंह (उपाध्यक्ष), सरबजीत सिंह मान, सुरिंदर कुमार, जगतार सिंह बिल्ला, सुखदेव सिंह पड्डा, गगन शर्मा (सभी पार्षद), बचित्तर सिंह (जनरल इंस्पेक्टर), ध्रुव रिखी, अश्वनी कुमार (अध्यक्ष), मिंटू सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं नगर पंचायत के कर्मचारी उपस्थित थे।