बाल कल्याण योजनाओं की समीक्षा बैठक, एसडीएम ने पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध लाभ देने के दिए निर्देश

📍 स्थान / Location: Mandi 🗂️ विषय / Category: हिमाचल / Himachal 📹 Child welfare schemes 📅 August 30, 2026 🌐 GPS: Mandi

मंडी: बाल विकास परियोजना करसोग के अन्तर्गत करसोग उपमंडल में संचालित की जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक एसडीएम करसोग अलीशा चौहान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, समेकित बाल विकास सेवाएं कार्यक्रम, बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओं और बाल विवाह निषेष अधिनियम, 2006 के प्रभावी कार्यान्वयन की समीक्षा की गई और पात्र लाभार्थियों को राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समयबद्ध उपलब्ध करवाने के दिशा निर्देश दिए गए।

एसडीएम अलीशा चौहान ने मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल देते हुए कहा कि करसोग उपमंडल में 41 पात्र बच्चों को योजना का लाभ प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योजना के अन्तर्गत सामाजिक सुरक्षा के साथ साथ त्यौहार भत्ता और अनुदान, विवाह अनुदान, उच्च शिक्षा, विभिन्न परीक्षाओं से संबंधित कोचिंग के लिए अर्थिक सहायता का प्रावधान, शैक्षिक भ्रमण और भारत यात्रा, लघु उद्योग अनुदान, भूमि आंबटन एवं मकान निर्माण अनुदान आदि प्रावधान का अनाथ बच्चों को सहायता प्रदान की जा रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा बच्चों और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसमें इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना भी शामिल है। उन्होंने कहा इस योजना में करसोग क्षेत्र में 337 लाभार्थियों को चिन्हित कर लाभान्वित किया जा रहा है। इनमें 0 से 18 वर्ष आयु वर्ग के 308 तथा 18 से 27 वर्ष आयु वर्ग के 29 लाभार्थी शामिल हैं।

इस योजना के तहत ही अनाथ बच्चों के अतिरिक्त विधवा, तलाकशुदा एवं बेसहारा महिलाओं तथा दिव्यांग माता-पिता, जिनकी वार्षिक आय एक लाख रुपये या इससे कम है, के बच्चों को 18 वर्ष की आयु तक पालन-पोषण एवं शिक्षा के लिए एक हजार रुपये प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान करने का प्रावधान है। इसके अलावा शिक्षा ग्रहण करने के लिए हाॅस्टल में रहने वाले बच्चों का व्यय भी प्रदेश सरकार द्वारा वहन किया जाता है। जिन बच्चों को हाॅस्टल की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाती, उन्हें किराये के रूप में 3 हजार रुपये प्रतिमाह प्रदान करने का प्रावधान है।

बाल विवाह की रोकथाम के लिए जागरूकता जरूरी
बैठक में बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के तहत गठित अनुश्रवण समिति के कार्यों की भी समीक्षा की गई। एसडीएम ने कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक कुरीति होने के साथ-साथ कानूनन अपराध भी है। इस अधिनियम का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह को रोकना तथा बच्चों के अधिकारों एवं सुरक्षित भविष्य की रक्षा करना है।

उन्होंने कहा कि निर्धारित आयु से कम में विवाह करने या करवाने वालों के विरुद्ध कानून के तहत कार्रवाई का प्रावधान है। बाल विवाह करवाने वाले व्यक्ति को दो वर्ष तक के कारावास और एक लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। वहीं, बाल विवाह में सहायता या सहयोग करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध भी दो वर्ष तक के कारावास और एक लाख रुपये तक के जुर्माने की कार्रवाई की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक होकर अपनी भूमिका निभानी चाहिए। बाल विवाह की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग अथवा प्रशासन को इसकी सूचना देकर इस सामाजिक कुरीति को रोकने में सहयोग करना चाहिए।

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना की भी समीक्षा
बैठक में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्रदान की गई।

एसडीएम ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि समाज में पनपने वाली हर समस्या का समाधान करना हम सब का सामूहिक दायित्व है और सभी के सामूहिक प्रयासों से ही समाजिक समस्याओं से निपटा जा सकता है।

सीडीपीओ करसोग इंद्र सिंह ने बैठक के दौरान राज्य सरकार द्वारा जनहित में संचालित की जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में नगर पंचायत करसोग के अध्यक्ष किशोर कुमार, उपध्यक्ष उत्तम चौहान, पंचायत समिति अध्यक्ष इशरा देवी, पंचायत समिति उपाध्यक्ष कली चौहान, खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग बुद्धि सिंह, खंड चिकित्सा अधिकारी करसोग डाॅ. गोपाल चौहान, एसडीओ विद्युत विभाग बुद्धि प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Scroll to Top