मोगा में 3 एकड़ जमीन बेचने का इकरारनामा कर की 40 लाख की ठगी, मामला दर्ज
मोगा में 3 एकड़ जमीन बेचने का इकरारनामा कर की 40 लाख की ठगी, मामला दर्ज
मोगा: जिले के गांव घलकलां में तीन एकड़ जमीन बेचने का इकरारनामा कर कथित तौर पर 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में थाना सदर पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई श्री मुक्तसर साहिब निवासी निशान सिंह की शिकायत और जांच रिपोर्ट के आधार पर की है।
जमीन अपनी बताकर किया इकरारनामा
थाना सदर के एएसआई गुरमेल सिंह के अनुसार, निशान सिंह पुत्र हरनेक सिंह निवासी श्री मुक्तसर साहिब ने जिला पुलिस प्रमुख को दी शिकायत में आरोप लगाया कि गुरविंदर सिंह पुत्र सुरजीत सिंह निवासी श्री मुक्तसर साहिब ने गांव घलकलां में स्थित तीन एकड़ जमीन को अपनी मालिकी की बताते हुए उसे बेचने का इकरारनामा किया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जमीन का सौदा करने के नाम पर गुरविंदर सिंह ने उससे 40 लाख रुपये ले लिए। बाद में जब उसे मामले की वास्तविकता का पता चला तो उसने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की।
एसएसपी ने डीएसपी इन्वेस्टिगेशन को सौंपी जांच
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी मोगा ने शिकायत की जांच डीएसपी इन्वेस्टिगेशन को सौंप दी। डीएसपी द्वारा मामले से जुड़े तथ्यों और प्रारंभिक जांच में सामने आए बिंदुओं का अवलोकन करने के बाद अपनी रिपोर्ट जिला पुलिस प्रमुख को सौंपी गई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी मोगा के आदेश पर थाना सदर में गुरविंदर सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
आरोपी की तलाश में जल्द होगी छापेमारी
मामले की आगे की जांच एएसआई गुरमेल सिंह द्वारा की जा रही है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोपी की तलाश की जा रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए जल्द ही संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जाएगी।