अमेरिका भेजने का झांसा देकर 23 लाख की ठगी, फिरोजपुर के ट्रैवल एजेंट दंपत्ति पर केस दर्ज
मोगा जिले के गांव रेड़वा निवासी दो लोगों को वर्क परमिट पर अमेरिका भेजने का झांसा देकर 23 लाख रुपए की ठगी मारने के मामले म
पंजाब डेस्क: मोगा जिले के गांव रेड़वा निवासी दो लोगों को वर्क परमिट पर अमेरिका भेजने का झांसा देकर 23 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। थाना धर्मकोट पुलिस ने इस मामले में फिरोजपुर निवासी ट्रैवल एजेंट दंपत्ति के खिलाफ इमीग्रेशन एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
23 लाख रुपये लेकर नहीं भेजा अमेरिका
थानेदार इंद्रजीत सिंह ने बताया कि गांव रेड़वा निवासी परमजीत सिंह पुत्र गुरनाम सिंह ने जिला पुलिस प्रमुख को शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार, उसके बड़े भाई जसवीर सिंह और उसके साले बलविंदर सिंह पुत्र गुरबचन सिंह निवासी गांव राजरौला, उत्तराखंड, वर्क परमिट पर अमेरिका जाना चाहते थे।
इस संबंध में उनकी बातचीत फिरोजपुर के ट्रैवल एजेंट दंपत्ति वरिंदरजीत कौर पत्नी गुरपरम सिंह और गुरपरम सिंह पुत्र अमर सिंह निवासी गांव जनेर, जिला फिरोजपुर, से हुई।
आरोप है कि दोनों ट्रैवल एजेंटों ने अमेरिका में वर्क परमिट पर भेजने का भरोसा देकर उनसे 23 लाख रुपये ले लिए। हालांकि, बाद में न तो दोनों को अमेरिका भेजा गया और न ही उनकी रकम वापस की गई।
पैसे मांगने पर करने लगे टालमटोल
शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उन्होंने ट्रैवल एजेंट दंपत्ति से अपने पैसे वापस मांगे तो वे कथित तौर पर टालमटोल करने लगे। इसके बाद परिवार को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ और उन्होंने मामले की शिकायत एसएसपी मोगा से की।
डीएसपी धर्मकोट ने की मामले की जांच
एसएसपी मोगा ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच डीएसपी धर्मकोट को सौंपी। जांच पूरी करने के बाद डीएसपी ने अपनी रिपोर्ट जिला पुलिस प्रमुख को सौंप दी।
जांच रिपोर्ट और उपलब्ध तथ्यों का अवलोकन करने के बाद परमजीत सिंह की शिकायत पर थाना धर्मकोट में ट्रैवल एजेंट वरिंदरजीत कौर और उसके पति गुरपरम सिंह के खिलाफ इमीग्रेशन एक्ट तथा धोखाधड़ी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
थानेदार इंद्रजीत सिंह ने बताया कि फिलहाल मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोपियों को जल्द काबू करने के लिए पुलिस की ओर से छापेमारी की जा रही है।