नशे के खिलाफ अभियान में सभी विभाग मिलकर करें काम: फाजिल्का डीसी
फाजिल्का: जिले में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन और पुलिस ने विभिन्न विभागों के साथ बैठक कर संयुक्त रणनीति तैयार की। डिप्टी कमिश्नर अमरप्रीत कौर संधू और जिला पुलिस प्रमुख गगन अजीत सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल समेत अन्य विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल) डॉ. मनदीप कौर भी मौजूद रहीं।
बैठक में अधिकारियों ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया। डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए केवल कार्रवाई ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लोगों को इसके दुष्प्रभावों के बारे में लगातार जागरूक करना भी जरूरी है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करना होगा।
गांवों में लगाए जाएंगे जागरूकता शिविर
उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही नशा मुक्ति केंद्रों में आने वाले लोगों और उनके परिवारों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी देने पर जोर दिया गया।
स्कूलों में भाषण, पेंटिंग और नाटक से जागरूकता
शिक्षा विभाग को स्कूल स्तर पर बच्चों और अभिभावकों को अभियान से जोड़ने के लिए कहा गया। स्कूलों में भाषण प्रतियोगिताओं, पेंटिंग और नुक्कड़ नाटकों जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि शिक्षक और अभिभावक मिलकर बच्चों को नशे से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
खेल गतिविधियों से युवाओं को जोड़ने पर जोर
बैठक में खेल विभाग को युवाओं के लिए अधिक खेल गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़कर उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा दी जा सकती है और उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में मदद मिल सकती है।
जिला पुलिस प्रमुख गगन अजीत सिंह ने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए जागरूकता के साथ-साथ नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी जारी है। पुलिस द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों और एंटी-ड्रोन तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
सीमावर्ती गांवों में भी जागरूकता अभियान
बैठक में बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि सीमा से लगे गांवों में समय-समय पर लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया जाता है। उन्होंने नशे के खिलाफ चल रहे प्रयासों में प्रशासन और आम लोगों से सहयोग की अपील की। इस बैठक में एसडीएम फाजिल्का जुगराज सिंह के अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, पुलिस और बीएसएफ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।