पंजाब बंद का ऐलान, लुधियाना में सिख संगठनों ने लोगों से सहयोग की अपील की
लुधियाना: कौमी इंसाफ मोर्चा ने अपनी मांगों को लेकर कल पंजाब बंद का ऐलान किया है। इसी को लेकर लुधियाना में कई सिख संगठनों के लोग पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। संगठनों ने पुलिस अधिकारियों को बंद के बारे में जानकारी दी और लोगों से इसमें सहयोग करने की अपील की।
संगठनों का कहना है कि कौमी इंसाफ मोर्चा लंबे समय से मोहाली में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहा है। इसी प्रदर्शन के दौरान पंजाब बंद का ऐलान किया गया है। संगठनों ने बताया कि इससे पहले भी अलग-अलग शहरों में बंद की अपील की जा चुकी है।
दुकानें और मॉल बंद रखने की अपील
सिख संगठनों ने लुधियाना के दुकानदारों और व्यापारियों से कल दुकानें और मॉल बंद रखने की अपील की है। उनका कहना है कि बंद को शांतिपूर्ण तरीके से रखा जाएगा। लोगों से भी अपील की गई है कि वे दोपहर 2 बजे के बाद अपने घरों में रहें और बंद में सहयोग करें। संगठनों ने साफ किया है कि अस्पताल, एंबुलेंस और दूसरी जरूरी सेवाएं बंद के दौरान चालू रहेंगी। जरूरतमंद लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका ध्यान रखा जाएगा।
माहौल खराब न करने की अपील
संगठनों ने कहा कि कुछ लोग बंद को लेकर अलग-अलग बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति माहौल खराब करने की कोशिश करता है तो उसकी जिम्मेदारी संगठन की नहीं होगी। संगठनों ने यह भी कहा कि अगर कोई व्यक्ति निहंग सिंह की वेशभूषा में आकर कोई गलत काम करता है, तो उसे उनके संगठन का हिस्सा न माना जाए।
पुलिस प्रशासन ने भी बंद को देखते हुए शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की तैयारी की है। पुलिस की ओर से संवेदनशील इलाकों पर नजर रखी जाएगी। सिख संगठनों ने लोगों से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से बंद का समर्थन करें और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।