मैदान तैयार, खिलाड़ी तैयार… मोगा में 9 सितंबर से खेडां वतन पंजाब दियां के ब्लॉक स्तरीय मुकाबले
मोगा: ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ के तहत पंजाब के युवाओं और लोगों को खेलों से जोड़ने, खेल भावना को बढ़ावा देने तथा खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के उद्देश्य से मोगा जिले में ब्लॉक स्तरीय खेल मुकाबले 9 से 18 सितंबर 2026 तक करवाए जा रहे हैं। इन मुकाबलों में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर मोगा सागर सेतिया ने बताया कि पंजाब सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार खेल मुकाबलों के लिए सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। खिलाड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को उचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों की रजिस्ट्रेशन sports.punjab.gov.in पर जारी है। जो खिलाड़ी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं करवा सके हैं, वे मौके पर भी रजिस्ट्रेशन करवाकर मुकाबलों में हिस्सा ले सकते हैं।
ब्लॉक निहाल सिंह वाला में लड़कों के मुकाबले 9 सितंबर और लड़कियों के मुकाबले 10 सितंबर को अकाली करतार सिंह स्टेडियम, बिलासपुर में होंगे। ब्लॉक कोट ईसे खां में लड़कों के मुकाबले 11 सितंबर और लड़कियों के मुकाबले 12 सितंबर को शहीद जैमल सिंह सीनियर सेकेंडरी स्कूल, घलोटी में करवाए जाएंगे। ब्लॉक धर्मकोट में लड़कों के मुकाबले 13 सितंबर और लड़कियों के मुकाबले 14 सितंबर को एस.बी.आर.एस. गुरुकुल महिणा, सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल महिणा और जगत सेवक खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल महिणा में होंगे।
इसी तरह ब्लॉक बाघापुराना में लड़कों के मुकाबले 15 सितंबर और लड़कियों के मुकाबले 16 सितंबर को सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल जीटीबी गढ़, खालसा ग्राउंड स्टेडियम रोडे और सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल राजेआणा में करवाए जाएंगे। ब्लॉक मोगा में लड़कों के मुकाबले 17 सितंबर और लड़कियों के मुकाबले 18 सितंबर को गुरु नानक कॉलेज मोगा और गोदेवाला इंडोर स्टेडियम में होंगे।
मुकाबलों में अंडर-14, अंडर-17, अंडर-21, 21 से 30 वर्ष, 31 से 40 वर्ष, 41 से 50 वर्ष, 51 से 60 वर्ष, 61 से 70 वर्ष तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के वेटरन खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। सभी खिलाड़ियों और टीमों को निर्धारित तिथि पर सुबह 8 बजे संबंधित खेल मैदान में अपनी उपस्थिति दर्ज करवानी होगी। सभी प्रतिभागियों के लिए निर्धारित खेल किट पहनकर आना अनिवार्य होगा।
डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने जिले के सभी खिलाड़ियों से इन खेल मुकाबलों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि पंजाब स्तर पर विजेता रहने वाले खिलाड़ियों को सरकार की ओर से नकद पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। इससे खिलाड़ियों को खेलों के प्रति और अधिक मेहनत करने तथा लगातार खेलों से जुड़े रहने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।