विजिलेंस पूछताछ के विरोध में पहुंचे BJP विधायक, सुधीर शर्मा बोले- विधानसभा सत्र में विपक्ष की आवाज दबा रही सरकार

📍 स्थान / Location: शिमला 🗂️ विषय / Category: हिमाचल / Himachal 📹 Assembly session 📅 August 22, 2026 🌐 GPS: शिमला

विजिलेंस मुख्यालय में सुधीर शर्मा से लगभग 2 घंटे चली पूछताछ,

शिमला: भाजपा विधायक सुधीर शर्मा आय से अधिक संपत्ति के मामले में पूछताछ के लिए विजिलेंस मुख्यालय पहुंचे। करीब दो घंटे तक विजिलेंस अधिकारियों ने सुधीर शर्मा से पूछताछ की। सुधीर शर्मा को आय से अधिक संपत्ति के मामले में पूछताछ के लिए विजिलेंस मुख्यालय बुलाया गया था। सुधीर शर्मा के विजिलेंस मुख्यालय पहुंचने के विरोध स्वरूप करीब एक दर्जन भाजपा विधायक भी वहां पहुंचे।

उनके साथ भाजपा विधायक विपिन सिंह परमार और सतपाल सिंह सत्ती विजिलेंस मुख्यालय पहुंचे। पूरी पूछताछ के दौरान भाजपा विधायक विजिलेंस मुख्यालय में ही मौजूद रहे। इसके अलावा बलबीर वर्मा, डॉ. जनक राज, इंद्रदत्त लखनपाल, राकेश जम्वाल और त्रिलोक जम्वाल भी विजिलेंस मुख्यालय पहुंचे। विधायक लोकेंद्र कुमार, दीप राज, आशीष शर्मा और पूर्ण चंद ठाकुर भी वहां मौजूद रहे।

पूछताछ के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि पहली बार देखने को मिला है कि विधानसभा सत्र के दौरान किसी विधायक को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का काम कर रही है और यह ज्यादा देर तक नहीं चलेगा।

सुधीर शर्मा ने कहा कि किसी सिटिंग विधायक को पूछताछ के लिए बुलाने से पहले विधानसभा को सूचना देनी होती है। उन्होंने कहा कि पिछली तारीख में विधानसभा को इसकी सूचना दी गई थी। सुधीर शर्मा ने सवाल उठाया कि जब केस और जांच अधिकारी दोनों धर्मशाला में हैं, तो उन्हें विजिलेंस मुख्यालय क्यों बुलाया गया, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि पहले भी जांच एजेंसी को जानकारी दी गई थी और अब भी पूछे गए सभी सवालों के जवाब दिए गए हैं।

विधायक सुधीर शर्मा ने जांच में प्रक्रिया का पालन नहीं करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री खुद विधायक के अलावा किसी संवैधानिक पद पर नहीं रहे हैं, इसलिए जो मन में आता है, बोल देते हैं। सुधीर शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री को लगता है कि संवैधानिक पद पर बैठा हर व्यक्ति लूट-खसूट करता है। उन्होंने कहा कि जनता इन सारी बातों का जवाब देगी।

Scroll to Top