एएनटीएफ लुधियाना रेंज टीम को मिली बड़ी सफलता, हेरोइन और ड्रग मनी के साथ दो भाई गिरफ्तार
लुधियाना: धांधरा रोड पर रूप नगर में गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक किलो 21 ग्राम हेरोइन और 41,700 रुपये बरामद किए गए। आरोपियों की पहचान धांधरा निवासी अरविंद यादव और अखिलेश यादव दोनों भाईयों के रूप में हुई है।
मामले की जानकारी देते हुए एएनटीएफ इंचार्ज नरेश कुमार ने बताया कि आरोपी लंबे समय से हेरोइन बेचने का अवैध धंधा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि एएसआई मनोज कुमार को सूचना मिली थी कि दो भाई हेरोइन सप्लाई करने के लिए धांधरा रोड पर रूप नगर में खड़े हैं। तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हेरोइन और ड्रग मनी बरामद की गई।
एएनटीएफ इंचार्ज ने बताया कि आरोपियों में अखिलेश यादव के खिलाफ NDPS, हत्या और कई अन्य गंभीर धाराओं के तहत 17 मामले दर्ज हैं, जबकि अरविंद के खिलाफ 6 मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी काफी समय जेल में भी बिता चुके हैं। नरेश ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश किया गया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।