अमृतसरः हलका पूर्वी के लोगों से अपने कार्यालय में मिले दिनेश बस्सी, क्षेत्रवासियों की सुनीं समस्याएं
अमृतसर। इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिनेश बस्सी ने आज अपने कार्यालय में हलका पूर्वी के लोगों और गणमान्य नागरिकों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
मुलाकात के दौरान लोगों ने पीने के पानी की समस्या, गंदे पानी की निकासी, टूटी सड़कों, खराब स्ट्रीट लाइटों सहित क्षेत्र से जुड़ी अनेक समस्याओं से दिनेश बस्सी को अवगत करवाया। लोगों ने बताया कि कई इलाकों में बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के कारण उन्हें रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दिनेश बस्सी ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि जनता की परेशानियों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान करवाना उनकी प्राथमिकता है और हलका पूर्वी के विकास के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे।
उन्होंने कहा कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने पर हलका पूर्वी के विकास को नई दिशा दी जाएगी। क्षेत्र में नए विकास प्रोजेक्ट लाने, उद्योग को बढ़ावा देने और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उनका उद्देश्य हलका पूर्वी को बेहतर बुनियादी सुविधाओं से लैस कर लोगों को एक सुविधाजनक और विकसित वातावरण उपलब्ध करवाना है।
दिनेश बस्सी ने कहा कि हलका पूर्वी के लोगों के साथ उनका निरंतर संपर्क बना हुआ है और जनता की आवाज को हर स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा। इस मौके पर पार्षद शिंदर बिड़लान, कांग्रेसी नेता संजीव टांगरी , पार्षद रमन रम्मी सहित अन्य उपस्थित थे।