चीनी के बाद प्याज ने निकाले आंसू, चार दिन में 45 फीसदी तक बढ़े दाम
मोगा: चीनी की कीमतों में हुई तेज बढ़ोतरी के बाद अब प्याज के बढ़ते दामों ने आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाला प्याज पिछले चार दिनों में करीब 45 प्रतिशत तक महंगा हो गया है। चार दिन पहले 30 से 33 रुपये प्रति किलो बिक रहा प्याज अब बढ़कर करीब 60 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। अचानक बढ़ी कीमतों ने गृहणियों की चिंता बढ़ा दी है।
प्याज के साथ-साथ हरी और रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली अन्य सब्जियों के दामों में भी 10 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी बताई जा रही है। सब्जियों के लगातार महंगे होने के कारण आम परिवार अब जरूरत के मुताबिक ही खरीदारी कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि घरेलू खर्च पहले ही लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में खाद्य वस्तुओं के दाम बढ़ने से महीने का बजट संभालना मुश्किल होता जा रहा है।
चीनी के बाद प्याज ने बढ़ाई परेशानी
चीनी के दाम भी हाल के दिनों में करीब 45 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 65 रुपये प्रति किलो तक पहुंच चुके हैं। अब प्याज की कीमत में अचानक आई तेजी ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। उपभोक्ताओं का कहना है कि रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं के महंगे होने का सीधा असर घर के मासिक खर्च पर पड़ रहा है।
बिक्री पर भी पड़ रहा महंगाई का असर
सब्जी विक्रेताओं के अनुसार कीमतों में बढ़ोतरी के बाद ग्राहकों ने सब्जियों की खरीदारी कम कर दी है। पहले जो ग्राहक दो किलो सब्जी खरीदकर ले जाते थे, वे अब एक किलो या उससे भी कम में गुजारा कर रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि महंगाई के कारण ग्राहकों की संख्या और बिक्री दोनों प्रभावित हुई हैं।
मंडी में खरीदारी करने पहुंचे लोगों ने कहा कि प्याज समेत अन्य सब्जियों के बढ़ते दामों ने घर का हिसाब-किताब बिगाड़ दिया है। अब सब्जी खरीदते समय स्वाद और पसंद के बजाय कीमत को प्राथमिकता देनी पड़ रही है। कई परिवार महंगी सब्जियों के बजाय सस्ती सब्जियां खरीदकर काम चला रहे हैं।
मौसम और परिवहन खर्च को बताया कारण
सब्जी विक्रेताओं ने कीमतों में तेजी के पीछे मौसम की स्थिति और परिवहन खर्च में बढ़ोतरी को प्रमुख कारण बताया है। उनका कहना है कि मंडियों तक सब्जियां पहुंचाने का खर्च बढ़ने का असर खुदरा बाजार में भी दिखाई देता है। हालांकि, बढ़ती कीमतों का सीधा बोझ आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ रहा है।
लोगों ने सरकार और प्रशासन से प्याज तथा अन्य जरूरी सब्जियों की बढ़ती कीमतों पर निगरानी रखने और कीमतों को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि महंगाई की लगातार मार से राहत दिलाने के लिए जरूरी खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण बेहद जरूरी है।