श्रीनगर में बच्चों की सुरक्षा को लेकर स्कूलों-मदरसों के लिए एडवाइजरी जारी, माता-पिता को भी सतर्क रहने की अपील
Schools, Madrasas Told: Don’t Hand Over Children to Strangers
श्रीनगर: श्रीनगर के स्कूलों और मदरसों में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष एडवाइजरी जारी की है। अधिकारियों ने एडवाइजरी में संस्थानों के प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि कक्षाएं खत्म होने के बाद बच्चों को केवल उनके माता-पिता या अधिकृत वाहन के ड्राइवर/अटेंडेंट को ही सौंपा जाए। छोटे बच्चों को किसी भी स्थिति में अकेले संस्थान से बाहर न जाने दिया जाए।
एडवाइजरी में स्कूल और मदरसा प्रशासन से बच्चों को घर भेजते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने और यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि कोई भी बच्चा किसी अनधिकृत या अज्ञात व्यक्ति को न सौंपा जाए। वहीं, माता-पिता से भी अपील की गई है कि वे छोटे बच्चों को अकेले स्कूल या मदरसे न भेजें और उनके आने-जाने के दौरान आवश्यक सावधानी बरतें।
यह एडवाइजरी ऐसे समय में जारी की गई है, जब POCSO एक्ट के तहत आरोपों का सामना कर रहे दो अंडरट्रायल कैदी सेंट्रल जेल श्रीनगर से फरार हो गए हैं। फरार आरोपियों की पहचान फरमान खान और मुख्तार अहमद गूजर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों हाई-सिक्योरिटी जेल की सामने की दीवार फांदकर फरार हुए, जिसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने दोनों फरार आरोपियों के संबंध में जानकारी देने वाले व्यक्ति को इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को उनके ठिकाने के बारे में कोई जानकारी मिलती है तो वह नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करे या 112 पर सूचना दे। नई एडवाइजरी में स्कूलों, मदरसों और अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने और यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि बच्चे घर और शैक्षणिक संस्थान के बीच आवागमन के दौरान पूरी तरह सुरक्षित रहें।