बाबा साहब डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा की सुरक्षा सुनिश्चित करे प्रशासन : भाजपा
जालंधर: लुधियाना में भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ हुई बेअदबी की घटना के विरोध में भाजपा जालंधर द्वारा मंगलवार को डॉ. बी.आर. अंबेडकर चौक में रोष धरना दिया गया। जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की की अध्यक्षता में हुए धरने में बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और पंजाब सरकार व प्रशासन के खिलाफ रोष जताया।
अशोक सरीन हिक्की ने कहा कि बाबा साहब डॉ. अंबेडकर केवल किसी एक वर्ग के नेता नहीं, बल्कि संविधान निर्माता और करोड़ों लोगों के सम्मान एवं अधिकारों के प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा के साथ बेअदबी की घटना बेहद निंदनीय है। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और प्रदेशभर में बाबा साहब की प्रतिमाओं की सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने की मांग की।
पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया ने कहा कि बाबा साहब का सम्मान पूरे देश का सम्मान है। वहीं पूर्व विधायक शीतल अंगुराल ने कहा कि ऐसी घटनाएं लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। सुशील शर्मा और विपन सभरवाल ने भी प्रतिमाओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी, पुलिस सुरक्षा और नियमित निगरानी की मांग उठाई।
धरने के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। पुलिस प्रशासन ने अंबेडकर चौक स्थित प्रतिमा की सुरक्षा के लिए पुलिस फोर्स तैनात की। सुरक्षा व्यवस्था के आश्वासन के बाद अशोक सरीन हिक्की ने धरना समाप्त कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा में लापरवाही हुई तो भाजपा दोबारा संघर्ष करेगी।