1984 सिख दंगा मामले पर लुधियाना में AAP का प्रदर्शन, BJP कार्यालय का घेराव
लुधियाना: 1984 के सिख विरोधी दंगों के मामले को लेकर पंजाब में राजनीतिक विवाद बढ़ता जा रहा है। पूर्व कांग्रेस सांसद सज्जन कुमार की मौत के बाद उनके अंतिम संस्कार में भाजपा के तीन सांसदों के शामिल होने को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी मुद्दे पर मंगलवार को AAP कार्यकर्ताओं ने लुधियाना स्थित भाजपा कार्यालय का घेराव किया।
BJP के खिलाफ जमकर नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ जोरदार नारे लगाए। AAP नेताओं ने 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े मामले पर भाजपा से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।
दोनों दलों के कार्यकर्ता हुए आमने-सामने
भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब AAP और भाजपा के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की गई।
स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए भाजपा कार्यालय के बाहर पहले से ही बैरिकेडिंग की गई थी।
सज्जन कुमार के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद
यह पूरा राजनीतिक विवाद सज्जन कुमार के निधन के बाद उनके अंतिम संस्कार में भाजपा के तीन सांसदों की मौजूदगी से जुड़ा है। AAP नेताओं का कहना है कि 1984 के सिख विरोधी दंगों के मामले में दोषी ठहराए गए सज्जन कुमार के अंतिम संस्कार में भाजपा सांसदों के शामिल होने से सिख समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं।
AAP ने इसी मुद्दे को लेकर भाजपा के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया और पार्टी से इस मामले पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की।