तेज रफ्तार मिनी बस ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर, इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम

📍 स्थान / Location: धर्मकोट 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Dharamkot 📅 September 9, 2026

धर्मकोट: थाना धर्मकोट के अधीन आते गांव चक्क कनियां कलां में मंगलवार दोपहर हुए सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई। हादसा एक तेज रफ्तार मिनी बस की चपेट में आने से हुआ। मृतक की पहचान अमरजीत सिंह उर्फ अंबू निवासी कृष्णपुरा कलां के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में मिनी बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दिए बयान में लवप्रीत सिंह पुत्र अमरजीत सिंह निवासी कृष्णपुरा कलां तथा बलजीत सिंह किशनपुरा कलां ने बताया कि घटना 8 सितंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे की है। उनका भाई अमरजीत सिंह उर्फ अंबू अपनी मोटरसाइकिल हीरो पैशन नंबर PB 29 5 1905 पर किसी काम के सिलसिले में चक्क कनियां कलां से कनियां कलां की ओर जा रहा था।

इसी दौरान सामने से एक मिनी बस स्कूल किंग्सवे, किशनपुरा कलां की ओर से आ रही थी। शिकायत के अनुसार बस को लवप्रीत सिंह पुत्र अमरजीत सिंह निवासी किशनपुरा कलां चला रहा था। आरोप है कि चालक ने बस तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद अमरजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके दाहिने हाथ, मुंह और दाहिनी टांग सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों पर चोटें आईं। परिजनों ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान अमरजीत सिंह उर्फ अंबू की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद थाना धर्मकोट पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। सहायक थानेदार बलजिंदर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

Scroll to Top