जुब्बल में नशे के खिलाफ पंचायत स्तर पर चलेगा विशेष अभियान
शिमला: हिमाचल प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से उपमंडल जुब्बल में प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधियों ने नशे के खिलाफ अभियान तेज करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। 10 सितंबर 2026 को ब्लॉक समिति हॉल जुब्बल में एसडीएम जुब्बल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें उपमंडल जुब्बल के अंतर्गत आने वाली सभी पंचायतों के प्रधान, प्रशासनिक अधिकारी तथा पंचायत स्तर पर गठित नशा निवारण समितियों के अध्यक्ष एवं सदस्य शामिल हुए।
बैठक में नशे के दुरुपयोग के प्रति जागरूकता कार्यक्रम चलाने, संदिग्ध स्थानों पर सर्च एवं रेड करने, नाकाबंदी बढ़ाने तथा चिट्टा सहित नशीले पदार्थों के मामलों में संलिप्त व्यक्तियों की भूमि की डिमार्केशन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि नशे की रोकथाम के लिए सरकारी तंत्र के साथ-साथ पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है।
बैठक में सभी पंचायत प्रधानों को अपनी-अपनी पंचायतों में नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ विशेष जागरूकता अभियान चलाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान कुछ प्रधानों और पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों के ऐसे संभावित स्थानों की जानकारी भी प्रशासन के साथ साझा की, जहां ड्रग्स गतिविधियां होने की आशंका जताई गई है।
बैठक में उपमंडल स्तर पर गठित नशा निवारण समिति के सदस्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए एक व्हाट्सऐप ग्रुप बनाने का निर्णय भी लिया गया। इसके माध्यम से नशे से संबंधित सूचनाओं के आदान-प्रदान और आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने का प्रयास किया जाएगा। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों से नशे के खिलाफ अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।