गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर लुधियाना के कारोबारी से मांगी 5 करोड़ की रंगदारी, जान से मारने की दी धमकी

📍 स्थान / Location: लुधियाना 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 5 crore extortion money 📅 October 31, 2026 🌐 GPS: लुधियाना

गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर लुधियाना के कारोबारी से मांगी 5 करोड़ की रंगदारी, जान से मारने की दी धमकी

लुधियाना: जिले में एक कारोबारी से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और रकम न देने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कारोबारी को धमकी भरी कॉल विदेशी नंबर से व्हाट्सएप पर आई, जिसमें आरोपी ने खुद को गैंग्सटर रोहित गोदारा बताया और कारोबारी को धमकाया।

थाना सराभा नगर पुलिस ने कारोबारी वरुण बग्गा निवासी बाड़ेवाल की शिकायत पर रोहित गोदारा निवासी अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(4) के तहत केस दर्ज किया है।

पुलिस को दी शिकायत में वरुण बग्गा ने बताया कि 15 अक्टूबर 2026 को उनके वाह्ट्सएप नंबर पर विदेशी मोबाइल नंबर 351924715342 से काल आई थी। उस समय उन्होंने काल रिसीव नहीं की और न ही फोन करने वाले से कोई बातचीत हुई। इसके बाद 23 अक्टूबर को शाम करीब 5:29 बजे उसी नंबर से दोबारा वाह्ट्सएप काल आई।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, काल करने वाले ने अपना नाम रोहित गोदारा बताते हुए उनसे पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। साथ ही रकम नहीं देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद कारोबारी और उनका परिवार सहम गया है।

परिवार को अपनी सुरक्षा की चिंता सता रही है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।

Scroll to Top