24 घंटे में फिर चोरी, माईं हीरा गेट की 4 दुकानों को चोरों ने बनाया निशाना
छत के रास्ते दुकानों में घुसे चोर, 1.03 लाख की नगदी लेकर फरार
शहर के व्यस्त बाजार माईं हीरा गेट में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। 24 घंटे के भीतर चोरों ने एक बार फिर चार दुकानों को निशाना बनाया। चोर छत के रास्ते दुकानों में दाखिल हुए और दो दुकानों से करीब 1.03 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, जिसमें आरोपी वारदात के बाद कपड़े बदलते हुए भी नजर आए।
चोरों ने पुरी ऑप्टिकल, इंग्लिश बुक शॉप, बुक सेंटर और धवन एम्पोरियम को निशाना बनाया। बुक सेंटर से करीब 85 हजार रुपये और इंग्लिश बुक शॉप से 18 हजार रुपये चोरी हुए। वहीं पुरी ऑप्टिकल और धवन एम्पोरियम से नकदी चोरी होने से बच गई। धवन एम्पोरियम से चोर कैमरे भी ले गए।
पुरी ऑप्टिकल के मालिक सुरिंदर मल्होत्रा ने बताया कि चोरों ने तिजोरी तोड़ दी और सामान बिखेर दिया, लेकिन दुकान में नकदी नहीं होने के कारण चोरी नहीं हो सकी। बुक सेंटर के मालिक मनीष ने बताया कि दुकान का दरवाजा टूटा हुआ था और तिजोरी खुली पड़ी थी।
इंग्लिश बुक शॉप के मालिक आशु रखेजा ने बताया कि चोर छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुए और 18 हजार रुपये ले गए। उन्होंने आरोप लगाया कि बाजार में पहले भी चोरी की शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे दुकानदारों में पुलिस के प्रति रोष है। सभी दुकानदारों ने थाने में शिकायत देने की बात कही है।