शोघी में बस की चेकिंग के दौरान 9.810 ग्राम चिट्टे के साथ 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार
शिमला। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ शिमला पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत स्पेशल सेल शिमला की टीम ने शोघी के पास एक युवक को 9.810 ग्राम हेरोइन/चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त को स्पेशल सेल शिमला की टीम शोघी के पास नशे की रोकथाम के लिए गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान सोलन की ओर से आ रही एक बस की चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान पुलिस ने बस में सवार एक युवक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान सीट से एक पारदर्शी पाउच बरामद हुआ। जांच करने पर पाउच में 9.810 ग्राम हेरोइन/चिट्टा पाया गया।
पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान हितेश वर्मा उर्फ हन्नी वर्मा (22), पुत्र जगदीश वर्मा, निवासी कुमारसैन, जिला शिमला के रूप में हुई है। इस मामले में स्पेशल सेल शिमला में अभियोग संख्या 180/2026, दिनांक 30 अगस्त 2026 को धारा 21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को पुलिस द्वारा माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी के पास चिट्टा कहां से आया था तथा इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। पुलिस नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नशे की तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।