2027 में प्रदेश में होगी भाजपा की सरकार कुल्लू में बीजेपी प्रकोष्ठ की बैठक आयोजित कहा आज कांग्रेस से तंग आ चुकी है जनता
वर्तमान में प्रदेश में कांग्रेस सरकार आम जनता की समस्याओं को सुलझाने की दिशा में कोई काम नहीं कर रही है। बल्कि जनता पर कई प्रकार का टैक्स डालकर उनकी परेशानी बढ़ा रही है। ऐसे में प्रदेश में भाजपा के कार्यकर्ता आम जनता की समस्याओं को सरकार के समक्ष रख रहे हैं और साल 2027 के विधानसभा चुनाव में फिर से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। यह बात हिमाचल प्रदेश भाजपा संयुक्त प्रकोष्ठ के संयोजक पुरुषोत्तम गुलेरिया ने कही।
जिला कुल्लू के मुख्यालय ढालपुर के देव सदन में जिला कुल्लू भाजपा के सभी प्रकोष्ठों की संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में प्रदेश भाजपा संयुक्त प्रकोष्ठों के संयोजक पुरुषोत्तम गुलरिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल रहे। तो वहीं प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष बिहारी लाल, पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर सहित अन्य कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पुरुषोत्तम गुलेरिया ने कहा कि पहले जिला कुल्लू में 19 प्रकोष्ठ थे और हाल ही में 6 अन्य प्रकोष्ठों का भी गठन किया गया है। ऐसे में देव सदन में 25 भाजपा प्रकोष्ठों के पदाधिकारी के साथ बैठक की गई और संगठन की मजबूती को लेकर भी चर्चा की गई।
पुरुषोत्तम गुलेरिया ने कहा कि भाजपा विधानसभा चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार है और प्रदेश के जनता भी अब सत्ता पलटने का दम रखती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब से सत्ता में आई है तभी से वह लोगों के बीच झूठे वादे कर उन्हें गुमराह कर रही है। लेकिन जनता अब पूरा सच जान चुकी है और वह आने वाले चुनाव में कांग्रेस के झांसे में नहीं आने वाली है।