गाड़ियों की खरीद-फरोख्त में 14.88 लाख के चेक बाउंस, मानसा निवासी के खिलाफ मामला दर्ज

📍 स्थान / Location: बाघापुराना 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 cheque bounce 📅 August 23, 2026 🌐 GPS: moga

मोगा: थाना बाघापुराना पुलिस ने गाड़ियों की खरीद-फरोख्त के मामले में करीब 14.88 लाख रुपये के चेक बाउंस होने के आरोप में मानसा निवासी व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना बाघापुराना के सहायक थानेदार बूटा सिंह के अनुसार, गांव राजेयाना निवासी गुरसेवक सिंह ने एसएसपी मोगा को दी शिकायत में आरोप लगाया कि मानसा निवासी जसप्रीत सिंह उर्फ रिंकू दिल्ली से गाड़ियां लाकर बेचने का काम करता है। आरोपी ने उसे स्कार्पियो, एक्सयूवी और क्रेटा गाड़ियां दिलाने का भरोसा देकर अलग-अलग तारीखों में नकद, आरटीजीएस और गूगल पे के माध्यम से रकम हासिल की, लेकिन बाद में कोई भी गाड़ी उपलब्ध नहीं करवाई। शिकायत के बाद डीएसपी बाघापुराना और डीएसपी सिटी मोगा की ओर से जांच की गई।

जांच के दौरान 18 जनवरी 2025 के मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग के अनुसार, आरोपी ने कुल 19.38 लाख रुपये की देनदारी स्वीकार की थी। इसमें 4.50 लाख रुपये की एक गाड़ी की राशि समायोजित की गई, जबकि शेष 14.88 लाख रुपये की अदायगी के लिए आरोपी ने पांच चेक दिए। शिकायतकर्ता के अनुसार बैंक में लगाए जाने पर उक्त सभी चेक बाउंस हो गए। इसके बाद उसने जिला पुलिस प्रमुख को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। एसएसपी मोगा के आदेश पर थाना बाघापुराना पुलिस ने जसप्रीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और मामले की आगे जांच की जा रही है।

Scroll to Top