PRTC के बेड़े में शामिल होंगी 1279 बसें
लुधियाना: ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन की पहुंच को बेहतर और विस्तारित करने के लिए पंजाब के परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने घोषणा की है कि सितंबर मध्य तक 100 विश्व स्तरीय ‘पीआरटीसी जूनियर’ बसें आधिकारिक तौर पर PRTC (पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन) के बेड़े में शामिल हो जाएंगी। यह घोषणा चल रहे बुनियादी ढांचे के अपग्रेडेशन और सेवा विस्तार का मूल्यांकन करने के लिए पंजाब के परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ की गई एक व्यापक समीक्षा बैठक के बाद की गई। परिवहन मंत्री अनुसार मिडी बसें आयशर द्वारा तैयार और डिलीवर की जा रही हैं।
चीमा ने बताया कि राज्य के बेड़े में 1,279 नई बसें शामिल की जा रही हैं। इससे सरकारी बसों की संख्या 2267 से बढ़कर 3546 हो जाएगी, जो 20 वर्षों में सबसे बड़ी वृद्धि है और पंजाब को देश का अग्रणी राज्य बनने की दिशा में ले जाएगी। जालंधर और लुधियाना से दिल्ली एयरपोर्ट के लिए वोल्वो कोचों सहित 15 प्रीमियम एयरपोर्ट बसें चलाई हैं। इसने ट्रांसपोर्ट माफिया का शिकंजा तोड़ दिया है और सभी के लिए यात्रा को आसान बना दिया है।’
समीक्षा बैठक में परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया, जिनमें सचिव परिवहन वरुण रूजम, मैनेजिंग डायरेक्टर पनबस राजीव कुमार गुप्ता, मैनेजिंग डायरेक्टर पीआरटीसी. मनीषा राणा, अतिरिक्त मैनेजिंग डायरेक्टर पीआरटीसी नवदीप कुमार और जनरल मैनेजर पीआरटीसी चंडीगढ़ अमनवीर टिवाणा शामिल थे।