*हिंदी के संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी : एसडीएम अमर नेगी*
*हिंदी के संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी : एसडीएम अमर नेगी*
प्रेस क्लब सुंदरनगर की ओर से हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने की, जबकि वरिष्ठ साहित्यकार एवं लेखक कृष्ण चंद्र महादेवीया विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान हिंदी भाषा के संरक्षण, संवर्धन और बदलते दौर में इसके महत्व को लेकर चर्चा की गई तथा उपस्थित सदस्यों ने अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार एवं लेखक कृष्ण चंद्र महादेवीया द्वारा लिखित पुस्तक ‘एक था भाट और अन्य लोक कथाएं’ का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर एसडीएम अमर नेगी ने हिंदी भाषा के उत्थान एवं प्रचार-प्रसार के लिए प्रेस क्लब सुंदरनगर द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
एसडीएम अमर नेगी ने कहा कि बदलते समय के साथ अंग्रेजी भाषा का महत्व और उपयोग समाज में बढ़ रहा है। लोगों में अंग्रेजी सीखने और बोलने की इच्छा स्वाभाविक है, लेकिन इसके साथ हिंदी के संरक्षण और संवर्धन पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता और सूचना के क्षेत्र में तकनीक के कारण तेजी से बदलाव आया है और सूचनाएं आज पहले की अपेक्षा अधिक तेजी से लोगों तक पहुंच रही हैं। ऐसे में हिंदी भाषा को सहेजना और उसे आगे बढ़ाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि अंग्रेजी के साथ स्थानीय बोलियों को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। हिंदी के कई शब्दों का नियमित प्रयोग न होने के कारण नई पीढ़ी के लिए उनका अर्थ समझना कठिन हो रहा है। इसलिए हिंदी में अधिक से अधिक पढ़ने, लिखने और संवाद करने की आदत विकसित करनी चाहिए। प्रशासन तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग भी हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और प्रचार-प्रसार के लिए प्रयासरत हैं।
कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष बलविंदर सोढ़ी, वरिष्ठ सदस्य एवं सलाहकार अदीप सोनी, सुरेंद्र शर्मा, सलाहकार रोशन लाल शर्मा, महासचिव उमेश शर्मा, उपाध्यक्ष राकेश शर्मा, उपाध्यक्ष सचिन शर्मा, संयुक्त सचिव पवन देवगन, प्रेस सचिव लीलाधर शर्मा, विजय शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।