बाबा जीवन सिंह के प्रकाश पर्व पर नगर कीर्तन का स्वागत
शिरोमणि शहीद बाबा जीवन सिंह के 365वें जन्मदिवस को समर्पित नगर कीर्तन ऐतिहासिक गांव डरोली भाई स्थित गुरुद्वारा देहरा साहि
मोगा। शिरोमणि शहीद बाबा जीवन सिंह के 365वें जन्मदिवस को समर्पित नगर कीर्तन का गांव धल्लेके पहुंचने पर श्रद्धापूर्वक स्वागत किया गया। शिरोमणि अकाली दल के मोगा हलका प्रभारी संजीत सिंह सन्नी गिल ने संगत में शामिल होकर बाबा जीवन सिंह की महान शहादत को नमन किया और नई पीढ़ी को उनके बलिदान से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए संजीत सिंह सन्नी गिल ने कहा कि बाबा जीवन सिंह सिख इतिहास के महान शहीद हैं। उन्होंने मुगल हुकूमत की परवाह किए बिना हिंद की चादर कहे जाने वाले साहिब श्री गुरु तेग बहादुर साहिब के पवित्र शीश को दिल्ली के चांदनी चौक से लाकर साहिब श्री गुरु गोबिंद सिंह जी को भेंट किया था।
उन्होंने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी ने बाबा जीवन सिंह को गले लगाकर उन्हें ‘रंगरेटा गुरु का बेटा’ का सम्मान दिया। इसके बाद बाबा जीवन सिंह ने श्री आनंदपुर साहिब में गुरु गोबिंद सिंह जी के साथ मुगलों के विरुद्ध युद्ध करते हुए शहादत प्राप्त की। उनकी अद्वितीय शहादत को आज पूरी सिख कौम श्रद्धा से याद करती है।
सन्नी गिल ने कहा कि बाबा जीवन सिंह के जन्मदिवस को समर्पित नगर कीर्तन में शामिल होने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने सिख संगत को बाबा जीवन सिंह के 365वें जन्मदिवस की बधाई भी दी।
उन्होंने गांव धल्लेके की प्रबंधक कमेटी का धन्यवाद करते हुए कहा कि कमेटी द्वारा उन्हें सिरोपा देकर सम्मानित करना उनके लिए गौरव की बात है। सन्नी गिल ने कहा कि शिरोमणि शहीद बाबा जीवन सिंह के बलिदान और सिख कौम के प्रति उनके योगदान के बारे में नई पीढ़ी को जागरूक किया जाना चाहिए। बाबा जीवन सिंह का जीवन और उनकी शहादत सभी के लिए पूजनीय एवं प्रेरणादायक है।