स्पेनिश फिल्ममेकर अन्ना सौरा रेमन बोलीं- फिल्म बनाने के लिए कश्मीर है बेहद शानदार जगह
श्रीनगर: स्पेनिश फिल्ममेकर और प्रोड्यूसर अन्ना सौरा रेमन ने कश्मीर की खूबसूरती और यहां मौजूद फिल्म शूटिंग की संभावनाओं की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि कश्मीर फिल्मों की शूटिंग के लिए एक बेहतरीन जगह है। घाटी के खूबसूरत पहाड़, झीलें, प्राकृतिक रोशनी और लोगों की मेहमाननवाजी फिल्ममेकर्स को आकर्षित कर सकती है।
सौरा जम्मू-कश्मीर के पहले इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (IFFJK) में हिस्सा लेने श्रीनगर पहुंची हैं। बुधवार को फेस्टिवल के तीसरे दिन उन्होंने श्रीनगर के SKICC में मीडिया से बातचीत की और कश्मीर में फिल्म इंडस्ट्री के विकास की संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए।
भारत और स्पेन के बीच फिल्मी सहयोग की जरूरत
अन्ना सौरा रेमन ने भारत और स्पेन के फिल्ममेकर्स के बीच ज्यादा सहयोग की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की फिल्म इंडस्ट्री में कई अंतर जरूर हैं, लेकिन भाषा दोनों के बीच मजबूत कलात्मक रिश्ते बनाने में बाधा नहीं बननी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत और स्पेन के फिल्ममेकर्स के पास साथ काम करने के कई अवसर हैं। भविष्य में दोनों देशों के बीच संयुक्त प्रोडक्शन और कलाकारों के साथ काम करने की संभावनाएं तलाशी जा सकती हैं। सौरा ने भारतीय कलाकारों के साथ स्पेनिश प्रोडक्शन में काम करने की संभावना पर भी सकारात्मक रुख दिखाया। उनका कहना था कि ऐसा कोई कारण नहीं है कि स्पेन के फिल्ममेकर्स भारतीय कलाकारों के साथ काम न करें।
कश्मीर में फिल्म शूटिंग की बड़ी संभावनाएं
कश्मीर को फिल्मिंग डेस्टिनेशन के रूप में लेकर सौरा काफी उत्साहित नजर आईं। उन्होंने कहा कि घाटी में फिल्मों की शूटिंग के लिए शानदार लोकेशन मौजूद हैं। उन्होंने कश्मीर के खूबसूरत प्राकृतिक नजारों, झीलों और प्राकृतिक रोशनी की खास तौर पर तारीफ की।
उनके मुताबिक, अगर कश्मीर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिल्मिंग लोकेशन के तौर पर प्रमोट किया जाए, तो यहां विदेशी फिल्ममेकर्स और प्रोडक्शन कंपनियों को आकर्षित किया जा सकता है। सौरा ने बताया कि उन्होंने कश्मीर की कुछ तस्वीरें अपने एक दोस्त के साथ साझा की हैं। उनके दोस्त ने भी कश्मीर को फिल्मों की शूटिंग के लिए संभावित लोकेशन के तौर पर एक्सप्लोर करने का सुझाव दिया।
सरकार और फिल्म इंडस्ट्री के बीच सहयोग जरूरी
अंतरराष्ट्रीय फिल्म स्टूडियो और विदेशी फिल्ममेकर्स को कश्मीर में शूटिंग के लिए लाने की संभावनाओं पर सौरा ने सरकार और फिल्म इंडस्ट्री के बीच बेहतर सहयोग की जरूरत बताई। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में विदेशी प्रोडक्शन कंपनियां कश्मीर का रुख करेंगी और यहां फिल्मों की शूटिंग करेंगी।
IFFJK को बताया महत्वपूर्ण पहल
अन्ना सौरा रेमन ने जम्मू-कश्मीर के पहले इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल की भी तारीफ की। उन्होंने इसे सिनेमा को बढ़ावा देने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया और उम्मीद जताई कि यह फेस्टिवल लंबे समय तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे फिल्म फेस्टिवल दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से फिल्ममेकर्स और फिल्में एक जगह लाते हैं। इससे स्थानीय दर्शकों को अंतरराष्ट्रीय सिनेमा देखने और विदेशी फिल्ममेकर्स से जुड़ने का अवसर मिलता है।
कश्मीर का अनुभव रहा शानदार
सौरा ने कश्मीर की मेहमाननवाजी और यहां के माहौल की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारत, खासकर कश्मीर की उनकी पहली यात्रा का अनुभव अच्छा रहा और वह भविष्य में दोबारा यहां आने की उम्मीद रखती हैं। अन्ना सौरा रेमन प्रोड्यूसर और डायरेक्टर के तौर पर काम कर चुकी हैं। उनके काम में डॉक्यूमेंट्री ‘द किड इन द फोटो’ भी शामिल है।