शहीदों की प्रतिमाओं की सफाई तक नहीं करवा पा रहा निगम: राजिंदर बेरी

📍 स्थान / Location: जालंधर 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Full Video / पूरा वीडियो 📅 August 31, 2026 🌐 GPS: जालंधर

बेअंत सिंह के शहीदी दिवस पर व्यवस्था को लेकर कांग्रेस नेता ने निगम प्रशासन पर साधा निशाना

जालंधर सेंट्रल से कांग्रेस के पूर्व विधायक एवं जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजिंदर बेरी ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और शहीद-ए-आजम सरदार बेअंत सिंह के शहीदी दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद नगर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि देश और पंजाब के लिए शहादत देने वाले महान नेताओं की प्रतिमाओं के जन्मदिवस और शहीदी दिवस पर भी निगम की ओर से जरूरी व्यवस्थाएं नहीं की जातीं।
बेरी ने कहा कि सरदार बेअंत सिंह ने आतंकवाद के दौर में पंजाब में शांति स्थापित करने और राज्य को सांप्रदायिक आग से बचाने के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। इसके बावजूद उनके शहीदी दिवस से एक दिन पहले प्रतिमा स्थल पर गंदगी का अंबार लगा हुआ था। उन्होंने बताया कि निगम की ओर से सफाई नहीं करवाए जाने के कारण कांग्रेस कार्यकर्ताओं को खुद मौके पर पहुंचकर प्रतिमा स्थल की सफाई करनी पड़ी।
पूर्व विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए हर बार निगम की ओर से सीढ़ी उपलब्ध कराई जाती थी, लेकिन इस बार संपर्क करने पर अधिकारियों ने सीढ़ी चोरी होने का हवाला दिया।
बेरी ने कहा कि उन्होंने किसी भी सरकार के कार्यकाल में ऐसी बदहाली नहीं देखी। उन्होंने निगम कमिश्नर से मांग की कि शहीद भगत सिंह, बेअंत सिंह समेत सभी महान नेताओं के जन्मदिवस या शहीदी दिवस से कम से कम एक दिन पहले प्रतिमा स्थलों की सफाई और अन्य जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।

Scroll to Top