राजौरी में आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, लश्कर से कथित लिंक के आरोप में 3 OGW गिरफ्तार

📍 स्थान / Location: Jammu 🗂️ विषय / Category: जम्मू और कश्मीर / J & K 📹 Full Video / पूरा वीडियो 📅 September 18, 2026 🌐 GPS: Jammu

राजौरी पुलिस ने पीर पंजाल क्षेत्र में सक्रिय कथित आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ओवर ग्राउंड वर्कर्स

राजौरी पुलिस ने पीर पंजाल क्षेत्र में कथित तौर पर सक्रिय एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन ओवर ग्राउंड वर्कर्स (OGWs) को गिरफ्तार किया है, जिनके कथित तौर पर प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े नेटवर्क के साथ संपर्क होने की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जकीर हुसैन पुत्र गुलाम हुसैन निवासी कोटचरवाल, तेरीयाथ राजौरी, मोहम्मद आजम पुत्र अली बहादुर निवासी कोटचरवाल, तेरीयाथ राजौरी और मोहम्मद मुश्ताक पुत्र मोहम्मद इकबाल निवासी उधन राजौरी के रूप में हुई है।
राजौरी पुलिस के अनुसार, जांच के शुरुआती चरण में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर आतंकियों को लॉजिस्टिक सहायता, सुरक्षित ठिकाने, आवाजाही और अन्य जमीनी स्तर की मदद उपलब्ध कराने में शामिल थे। पुलिस का यह भी कहना है कि आरोपियों ने कथित तौर पर गाइड के रूप में काम करते हुए आतंकी समूहों की आवाजाही को कश्मीर घाटी की ओर सुगम बनाया।
जांच के दौरान पुलिस ने एक आरोपी की निशानदेही पर IED यानी इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस बरामद करने की जानकारी दी है। पुलिस के प्रारंभिक निष्कर्षों के मुताबिक, यह डिवाइस कथित तौर पर आतंकी समूह के सदस्यों ने आरोपी को सुरक्षित रखने और संभावित हमले में इस्तेमाल के लिए सौंपा था।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। जांच एजेंसियां आरोपियों के अन्य संभावित सहयोगियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

Scroll to Top