रंगला पंजाब योजना के तहत ब्लॉक तरसिक्का की 52 पंचायतों को 5 करोड़ रुपये की ग्रांट के चेक वितरित
तरसिक्का/अमृतसर: पंजाब के लोक निर्माण मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने आज विधानसभा हलका जंडियाला गुरु के ब्लॉक तरसिक्का की 52 ग्राम पंचायतों को रंगला पंजाब योजना के तहत 5 करोड़ रुपये की ग्रांट के चेक वितरित किए। इस राशि से गांवों में विभिन्न बुनियादी ढांचे और जनकल्याण से संबंधित विकास कार्य करवाए जाएंगे।
इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने बताया कि ग्रांट की राशि से गांवों में इंटरलॉकिंग टाइलों वाली गलियों, नालियों और सीवरेज के कार्य, खेल मैदान, इनडोर एवं ओपन जिम, आंगनवाड़ी केंद्रों का निर्माण, छप्पड़ों की सफाई एवं मरम्मत, पंचायत घरों तथा डिस्पेंसरी भवनों का निर्माण, स्कूलों में क्लास रूम, सोलर लाइटें, सीमेंट के बेंच, धर्मशालाएं, लाइब्रेरियां, पार्क, श्मशानघाट तथा सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाने सहित अन्य आवश्यक विकास कार्य करवाए जाएंगे।
लोक निर्माण मंत्री ने पंचायती प्रतिनिधियों को ग्रांट के चेक वितरित करते हुए कहा कि वे इस राशि को पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ अपने-अपने गांवों के विकास के लिए खर्च करें। उन्होंने कहा कि विधानसभा हलका जंडियाला गुरु के गांवों के विकास में ग्रांट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि हलके के दूसरे ब्लॉकों की पंचायतों को भी जल्द ही रंगला पंजाब योजना के तहत ग्रांट दी जाएगी, ताकि गांवों में विकास कार्यों को और गति दी जा सके तथा लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार के कार्यकाल के दौरान विधानसभा हलका जंडियाला गुरु में जितना विकास हुआ है, उतना विकास पारंपरिक पार्टियों की सरकारें 75 वर्षों में भी नहीं करवा सकीं। उन्होंने कहा कि आज जंडियाला गुरु हलका विकास के लिहाज से राज्य के अग्रणी हलकों में शुमार हो रहा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा हलका जंडियाला गुरु के निवासी उनके परिवार का हिस्सा हैं और वे अपने लोगों की बेहतरी के लिए हमेशा प्रयासरत रहेंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। गांवों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ लोगों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधियों ने ग्रांट के चेक प्राप्त करने के बाद मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान और लोक निर्माण मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. का धन्यवाद करते हुए कहा कि इन ग्रांटों से गांवों के विकास कार्यों को और बढ़ावा मिलेगा।