मेडिकल नशा बेचने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, सूचना देने वाले का नाम रखा जाएगा गुप्त

📍 स्थान / Location: मोगा 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Full Video / पूरा वीडियो 📅 October 19, 2026

मोगा में नशा तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से कार्रवाई तेज करने पर जोर दिया जा रहा है।

मेडिकल नशा बेचने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, सूचना देने वाले का नाम रखा जाएगा गुप्त

थाना सिटी वन के नए प्रभारी सब इंस्पेक्टर सरदारा सिंह ने नशा तस्करों पर नकेल कसने को बताया प्राथमिकता

मोगा में नशा तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से कार्रवाई तेज करने पर जोर दिया जा रहा है। एसएसपी सरताज सिंह चाहल के आदेशों के अनुसार हुए फेरबदल के तहत सब इंस्पेक्टर सरदारा सिंह को थाना सिटी वन का प्रभारी नियुक्त किया गया है। इससे पहले इस थाने की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह के पास थी। नए थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी, मेडिकल नशे की बिक्री, लूटपाट और छीना-झपटी जैसी घटनाओं को रोकना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

दैनिक जागरण से बातचीत करते हुए सब इंस्पेक्टर सरदारा सिंह ने कहा कि विभाग की ओर से उन्हें थाना सिटी वन में बतौर प्रभारी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनका प्रयास रहेगा कि थाने में अपनी शिकायत लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को उचित सम्मान मिले और उसकी समस्या को गंभीरता से सुनकर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य आम लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के साथ-साथ क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना है।

मेडिकल नशा बेचने वालों पर रहेगी नजर

थाना प्रभारी ने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। विशेष रूप से मेडिकल नशे के रूप में प्रतिबंधित दवाइयां बेचने वाले लोगों पर नजर रखी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति नशीले पदार्थों की तस्करी या अवैध बिक्री में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशीले पदार्थ बेचता है या नशा तस्करी से जुड़ी गतिविधियों में शामिल है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने का प्रयास किया जाएगा, ताकि लोग बिना किसी डर के पुलिस का सहयोग कर सकें।

लूटपाट और छीना-झपटी करने वालों पर भी होगी कार्रवाई

सब इंस्पेक्टर सरदारा सिंह ने कहा कि इलाके में होने वाली आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। लूटपाट और छीना-झपटी करने वाले आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं और युवतियों को परेशान करने वाले मनचलों पर भी पुलिस की नजर रहेगी। ऐसे मामलों में शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि अपराध पर नियंत्रण रखने के लिए पुलिस के साथ आम लोगों का सहयोग भी जरूरी है। लोगों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस तक पहुंचानी चाहिए। पुलिस का प्रयास रहेगा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था कायम रहे और लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध करवाया जा सके।

Scroll to Top