महिला को हार्पिक पिलाकर जान से मारने की कोशिश, पति और सास पर केस
अवैध संबंध के शक में पत्नी को हार्पिक पिलाने का आरोप -जज ने अस्पताल पहुंचकर दर्ज किए महिला के लिखित बयान
महिला को हार्पिक पिलाकर जान से मारने की कोशिश, पति और सास पर केस
– अवैध संबंध के शक में पत्नी को हार्पिक पिलाने का आरोप
-जज ने अस्पताल पहुंचकर दर्ज किए महिला के लिखित बयान
जालंधर के करतारपुर हलके में एक महिला को उसके पति और सास द्वारा कथित तौर पर जबरन हार्पिक पिलाकर जान से मारने की कोशिश करने का मामला सामने आया है। गंभीर हालत में महिला को जालंधर के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। अस्पताल की ओर से अभी महिला की हालत को लेकर कोई मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। पीड़िता की पहचान करतारपुर निवासी उमंग बस्सी की पत्नी नेहा बस्सी के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी पति और सास महिला की 6 वर्षीय बेटी को लेकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़िता के मायके वालों की शिकायत और अस्पताल में दर्ज न्यायिक बयान के आधार पर आरोपी पति उमंग बस्सी और सास कुसुम बस्सी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
नेहा की हालत नाजुक होने के चलते ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट खुद फोर्टिस अस्पताल पहुंचे और उसके बयान दर्ज किए। पीड़िता बोलने की स्थिति में नहीं थी, इसलिए उसने जज के सामने लिखकर अपनी आपबीती बताई। नेहा ने आरोप लगाया कि उसके पति के किसी अन्य लड़की के साथ कथित तौर पर संबंध थे और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद रहता था। पीड़िता के लिखित बयान के अनुसार उसके पति और सास ने कथित तौर पर उसे जबरन हार्पिक पिला दिया। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज बयानों के आधार पर बीएनएस की धारा 123, 109 और 85 के तहत केस दर्ज किया है।
धूरी निवासी पीड़िता के भाई अमरीश कुमार ने बताया कि उनकी बहन की शादी करीब 7 साल पहले हुई थी और उसकी 6 साल की बेटी है। परिजनों का आरोप है कि उन्हें घटना की जानकारी करीब 24 घंटे बाद दी गई। परिवार ने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि महिला की हालत फिलहाल नाजुक है। उसके खतरे से बाहर आने और वेंटिलेटर से हटने के बाद पुलिस उससे आगे पूछताछ करेगी। पुलिस ने कहा कि मामले में आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।