बिजली के लंबे कटों ने बढ़ाई पीने के पानी की किल्लत। बिजली गुल होने से पानी की मोटरें बंद, सप्लाई का समय निकलने के बाद लौटती है बिजली तो खाली रह जाते हैं लोगों के बर्तन
शहर में लगातार लग रहे बिजली के लंबे कटों ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। गर्मी के बीच जहां बिजली की अनियमित सप्लाई स
बिजली के लंबे कटों ने बढ़ाई पीने के पानी की किल्लत।
बिजली गुल होने से पानी की मोटरें बंद, सप्लाई का समय निकलने के बाद लौटती है बिजली तो खाली रह जाते हैं लोगों के बर्तन
मोगा, 12 सितंबर। शहर में लगातार लग रहे बिजली के लंबे कटों ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। गर्मी के बीच जहां बिजली की अनियमित सप्लाई से रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं, वहीं इसका सीधा असर पीने के पानी की सप्लाई पर भी पड़ रहा है। कई इलाकों में पानी सप्लाई के निर्धारित समय के दौरान बिजली गुल रहने से लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।
शहरवासियों का कहना है कि पानी की सप्लाई का समय सीमित होता है। ऐसे में यदि उसी दौरान बिजली का कट लग जाए तो पानी की मोटरें बंद हो जाती हैं और घरों में पानी नहीं भर पाता। कई बार बिजली सप्लाई बहाल होने तक पानी आने का समय ही समाप्त हो जाता है। इसके चलते लोगों को अगले सप्लाई समय तक इंतजार करना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी उन परिवारों को उठानी पड़ रही है, जिनके घरों में पानी स्टोर करने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।
दूसरी ओर शहर के कई मोहल्लों में पीने के पानी की बर्बादी का मामला भी सामने आ रहा है। कुछ लोग टुल्लू पंप चलाकर पीने के पानी से गलियों और सड़कों की धुलाई करते दिखाई देते हैं। एक तरफ जहां कई परिवार पानी की एक-एक बूंद के लिए परेशान हैं, वहीं दूसरी तरफ इस तरह पानी की बर्बादी लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।
शहरवासियों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि पानी की बर्बादी करने वालों पर नियमित निगरानी नहीं रखी जा रही। न ही ऐसे लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई या चालान किए जा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि नगर निगम की टीमें विभिन्न मोहल्लों में निरीक्षण करें और पीने के पानी का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाए।
लोगों ने बिजली और पानी की सप्लाई के समय में बेहतर तालमेल बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि बिजली कटों के कारण पानी की सप्लाई प्रभावित न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को मिलकर ठोस व्यवस्था करनी चाहिए। साथ ही पानी की बर्बादी रोकने के लिए भी सख्त कदम उठाए जाने जरूरी हैं।इस मौके रजनी बाला,रानी,सुनीता रानी,सुमन रानी,निर्मला रानी,हरजिंदर कौर,जीतो, सतपाल,रवि मोहल्ला वासी मौजूद है।