पेंशनरों की मांगें पूरी करे पंजाब सरकार, डीए की बकाया किस्तें जारी हों : भजन सिंह गिल
मोगा,3 सितंबर। शहीद कामरेड नछत्तर सिंह भवन में पंजाब गवर्नमेंट पेंशनर्स एसोसिएशन (रजि.) पंजाब की प्रदेश स्तरीय बैठक प्रदेश अध्यक्ष भजन सिंह गिल की अध्यक्षता में हुई। बैठक की कार्रवाई की जानकारी देते हुए महासचिव सुरिंदर राम कुस्सा ने बताया कि बैठक में पेंशनरों की लंबित मांगों और विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष भजन सिंह गिल सहित विभिन्न वक्ताओं ने पंजाब सरकार से मांग की कि माननीय हाईकोर्ट के फैसले के अनुसार महंगाई भत्ते (डीए) की बकाया छह किस्तें जल्द जारी की जाएं। इसके साथ ही छठे वेतन आयोग की सिफारिश के अनुसार 2.59 का गुणांक (फैक्टर) लागू किया जाए तथा छठे वेतन आयोग का लंबित बकाया भी एकमुश्त जारी किया जाए।
वक्ताओं हरजीत सिंह, जयदेव शर्मा, हरदेव सिंह ज्वंधा, बूटा सिंह फिरोजपुर, शेरा राम, कुलवंत सिंह और रणजीत सिंह ने गत 29 जुलाई और 7 अगस्त को चंडीगढ़ में आयोजित महा रैलियों को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि सरकार को पेंशनरों और कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपने हकों के लिए संघर्ष कर रहे कर्मचारियों व पेंशनरों की एकजुटता को नजरअंदाज करना सरकार के लिए भारी पड़ सकता है।
जिला मोगा के प्रेस सचिव एवं पूर्व डीपीआरओ ज्ञान सिंह ने बताया कि बहादुर सिंह, कृष्ण लाल, दर्शन सिंह उटाल, सुखमंदर सिंह, हरचंद सिंह पंजोली और हरदेव सिंह ज्वंधा ने पिछले समय के संघर्षों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि मांगों और मसलों का समाधान करवाने के लिए जनएकता के साथ संघर्ष ही प्रभावी रास्ता है।
बैठक में नरेंद्र पाल भगता, नरेंद्र सिंह गोली, सुच्चा सिंह कपूरथला और लाल सिंह ढिल्लों ने केंद्र सरकार द्वारा अमेरिका के साथ किए जा रहे मुक्त व्यापार समझौते पर भी चिंता जताई। उन्होंने इसे देश के हितों के विरुद्ध बताते हुए किसानों द्वारा विभिन्न स्थानों पर डीसी कार्यालयों तथा चंडीगढ़ में लगाए जा रहे धरनों में पेंशनरों से बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की।
जथेबंदी ने 11 और 12 सितंबर को मंत्रियों के घेराव संबंधी संयुक्त तालमेल कमेटी के कार्यक्रमों को पूरे पंजाब में व्यापक भागीदारी के साथ लागू करने का निर्णय लिया। इसके अलावा सुखचैन सिंह खैहरा के कथित बदले की भावना से किए गए तबादले की कड़े शब्दों में निंदा की गई। संगठन ने उनका तबादला रद्द कर प्रदेश स्तरीय तालमेल कमेटी के साथ बातचीत के माध्यम से मांगों और मसलों का समाधान करने की मांग की।
बैठक में प्रेम कुमार, नैब सिंह, शमशेर सिंह, इंद्रजीत सिंह, सरबजीत दौधर, बिक्कर सिंह माछीके, सुरिंदर पाल सिंह वित्त सचिव बाघापुराना, इंद्रजीत सिंह खीवा, शुभाष चंद्र, गुरजीत सिंह भगता, सुरिंदर कुमार जोसन, सुरिंदर पाल सिंह गुरुहरसहाय, ओमां कांत जोशी, जसविंदर सिंह आहलूवालिया, प्रीतम सिंह नागरा सहित प्रदेश कमेटी के विभिन्न सदस्य उपस्थित रहे।