परमिंदर सिंह झोटा हत्याकांड की जांच सीबीआई को सौंपेगी पंजाब सरकार

🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Full Video / पूरा वीडियो 📅 October 20, 2026 🌐 GPS: जालंधर

सीएम भगवंत मान बोले- नशा तस्करों के खिलाफ जंग जारी रहेगी, दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा

नशों के खिलाफ आवाज उठाने वाले सोशल वर्कर परमिंदर सिंह झोटा की मानसा में गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चिंता जताई है। मुख्यमंत्री ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। परिवार की मांग को स्वीकार करते हुए सरकार ने मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का फैसला किया है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में नशों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जा रही है और नशा तस्करों के प्रति किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपी चाहे कोई भी हो और उसके कितने ही प्रभावशाली लोगों से संबंध क्यों न हों, कानून के तहत उसे बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परमिंदर सिंह झोटा की हत्या बेहद दुखद घटना है और ऐसी वारदात नहीं होनी चाहिए थी। उन्होंने पहले ही पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को मामले की गंभीरता से जांच करने और सच्चाई सामने लाने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि हत्याकांड की साजिश में यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दशहरा पर्व पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे से पहले मुख्यमंत्री ने दोहराया कि पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए सरकार हर जरूरी कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान पूरी ताकत से जारी रहेगा और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

Scroll to Top