नशा मुक्ति केंद्र में मरीज ने स्टाफ पर किया लाठी से हमला, कर्मियों ने जताया रोष

📍 स्थान / Location: जालंधर सिविल सर्जन ऑफिस 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Full Video / पूरा वीडियो 📅 August 18, 2026 🌐 GPS: जालंधर

जालंधर के सिविल अस्पताल स्थित नशा मुक्ति केंद्र में मरीज द्वारा स्टाफ कर्मी पर लाठी से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद केंद्र के कर्मचारियों में भारी रोष है। कर्मियों ने प्रदर्शन कर प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

स्टाफ कर्मी जसपिंदर सिंह ने बताया कि एक मरीज निर्धारित मात्रा से अधिक नशा छुड़ाने वाली दवा मांग रहा था। मना करने पर मरीज ने लाठी से उन पर हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र में पहले भी मरीजों द्वारा स्टाफ से गाली-गलौच और दुर्व्यवहार की घटनाएं हो चुकी हैं। कर्मचारियों ने प्रशासन से केंद्र में पर्याप्त सिक्योरिटी उपलब्ध करवाने की मांग की है।

काउंसलर ओंकार सिंह ने कर्मचारियों की अन्य मांगों को भी पूरा करने की अपील की। उन्होंने 9 प्रतिशत विशेष वेतन वृद्धि, 6 प्रतिशत वार्षिक वेतन वृद्धि और कैटेगरी सी का लाभ देने की मांग रखी। कर्मचारियों का कहना है कि आरटीआई के तहत वे कैटेगरी सी में आते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अभी तक कैटेगरी जारी नहीं की गई।

स्टाफ ने आउटसोर्स कर्मचारियों को बाहर निकालने संबंधी नोटिफिकेशन जारी करने और नियमितीकरण की प्रक्रिया स्पष्ट करने की भी मांग की है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में मांगें पूरी नहीं हुईं तो 24 अगस्त को सेंटर बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।

Scroll to Top