थाना नंबर 4 से कुछ दूरी पर वारदात, कुछ महीने पहले भी मंदिर में हुई थी चोरी
मंदिर में फिर चोरी, शिवलिंग पर स्थापित कांसे के नाग देवता को ले गए चोर
जी.टी. रोड स्थित मोहल्ला इस्लामाबाद के श्री सनातन धर्म महावीर मंदिर में एक बार फिर चोरी की वारदात सामने आई है। इस बार चोर मंदिर के अंदर स्थापित शिवलिंग पर चढ़ाए गए कांसे के नाग देवता की प्रतिमा चोरी कर ले गए। घटना के बाद मंदिर प्रबंधन में रोष है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, वीरवार शाम करीब 6:30 बजे दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर मंदिर के बाहर पहुंचे। इनमें से एक व्यक्ति मंदिर के अंदर चला गया, जबकि दूसरा बाहर मोटरसाइकिल के पास रहा। मंदिर के अंदर गए व्यक्ति ने शिव मंदिर में पहुंचकर शिवलिंग पर स्थापित कांसे के नाग देवता की प्रतिमा उतारी और उसे अपने साथ लाए झोले में डाल लिया। इसके बाद वह तेजी से मंदिर से बाहर निकला और मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने साथी के साथ फरार हो गया।
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, कुछ महीने पहले भी मंदिर में चोरी की घटना हुई थी। उस समय एक अज्ञात व्यक्ति रुपये वाली पेटी तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ले गया था। चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई थी और पुलिस को इसकी रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध करवाई गई थी। हालांकि, मंदिर प्रबंधन का आरोप है कि आज तक उस मामले में चोर का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
कुछ ही महीनों के भीतर मंदिर में दोबारा चोरी होने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। मंदिर प्रबंधन ने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।